क्रिसमस और नया साल मनाने के लिए राज्य में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रभावी कदम उठाएं: मुख्यमंत्री सुक्खू

by

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य सरकार के अधिकारियों को पर्यटकों विशेषकर, क्रिसमस और नया साल मनाने के लिए राज्य में आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि वे बिना किसी असुविधा के राज्य में अपने प्रवास का आनंद उठा सकें।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में पर्यटकों के सुचारू आवागमन के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विशेष रूप से पर्यटक वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए समुचित व्यवस्था की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पर्यटकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को सड़कों के किनारे पार्क न करें क्योंकि इससे ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है और इससे उन्हें असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने पुलिस विभाग को प्रभावी यातायात प्रबंधन के लिए ड्रोन का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी हिमपात वाले क्षेत्रों में पर्याप्त कार्यबल और मशीनरी तैनात किए जाने चाहिए ताकि पर्यटकों को किसी भी तरह की असुविधा से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर फोर बाई फोर वाहनों को भी तैनात किया जाना चाहिए।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए अटल टनल रोहतांग के आस-पास वाहनों के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस को रात्रि गश्त भी बढ़ानी चाहिए और शहरी स्थानीय निकायों को स्ट्रीट लाइट और बुनियादी सुविधाओं का उचित संचालन सुनिश्चित करना चाहिए।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अंतर्गत आने वाले होटलों को भी मेहमानों के स्वागत के लिए तैयार रखना चाहिए ताकि वे राज्य से अपनी यात्रा की सुखद यादें लेकर घर लौटें। उन्होंने कहा कि पर्यटक हमारे मेहमान हैं और हमें सभी संभव सुविधाएं प्रदान करने के अलावा उनका बेहतर आतिथ्य-सत्कार सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को ट्रैफिक जाम से बचने के लिए एक उचित यातायात योजना तैयार करनी चाहिए, ताकि पर्यटकों और अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रमुख पर्यटन स्थलों पर उचित पार्किंग स्थल चिन्हित किए जाने चाहिए ताकि पर्यटकों को पार्किंग के लिए पर्याप्त पार्किंग क्षेत्र उपलब्ध हो सके।
मुख्यमंत्री ने कई देशों में कोविड-19 के मामलों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए राज्य में आने वाले पर्यटकों से कोविड-19 मापदंडों का पालन करने और एहतियात के तौर पर फेस मास्क पहनने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की अधिक आवाजाही के दृष्टिगत उचित कानून व्यवस्था को बनाए रखा जाना चाहिए और सुप्रसिद्ध एवं अधिक भीड़-भाड़ वाले पर्यटक स्थलों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जानी चाहिए ताकि राज्य की शांति व्यवस्था बनी रहे।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्ष भर पर्यटकों से गुलजार रहता है, जहां पर्यटकों का गर्मजोशी से आतिथ्य-सत्कार करने की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में आने वाले पर्यटकों को हिमाचल प्रवास के दौरान घर जैसा माहौल सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्यटन और अन्य विभाग ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना से कार्य करना सुनिश्चित करें।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

500 से अधिक मरीजों ने लिया लाभ, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने किया शुभारंभ

घुमारवीं (बिलासपुर), 02 अक्तूबर: सीर उत्सव के अवसर पर सिविल अस्पताल घुमारवीं में विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में विभिन्न...
article-image
हिमाचल प्रदेश

ढोल-नगाड़ों से किया विधायक कमलेश ठाकुर का स्वागत, मसरूर पहुंचने पर गदगद हुए क्षेत्रवासी : मसरूर मंदिर क्षेत्र को रोजगार की दृष्टि से किया जाएगा विकसित: कमलेश ठाकुर

राकेश शर्मा  : देहरा/तलवाड़ा  युवाओं के लिए घर के नजदीक रोजगार के संसाधान उपलब्ध हों, इसके लिए मसरूर मंदिर क्षेत्र को आने वाले समय में विकसित किया जाएगा। मसरूर मंदिर क्षेत्र में पर्यटन के साथ-साथ...
article-image
हिमाचल प्रदेश

भुपिंदर बब्बल: संघर्ष से सितारे तक का सफ़र — पंजाबी और बॉलीवुड सिनेमा में गूंजती एक आवाज़”

होशियारपुर/दलजीत अजनोहा : पंजाबी और बॉलीवुड संगीत जगत का चमकता नाम भुपिंदर बब्बल आज केएमएस कॉलेज ऑफ आईटी एंड मैनेजमेंट, दसूहा पहुँचे। यहाँ उन्होंने वरिष्ठ पत्रकार संजीव कुमार के साथ एक विशेष बातचीत में...
हिमाचल प्रदेश

दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना और धमकाने के मंडी में नवनिर्वाचित उपप्रधान पर लगे गंभीर आरोप ..महिला शिक्षिका ने दर्ज करवाई शिकायत

एएम नाथ। मंडी :  हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीएसएल कॉलोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एक पंचायत के नवनिर्वाचित उपप्रधान पर एक महिला शिक्षिका ने...
Translate »
error: Content is protected !!