खालसा कॉलेज माहिलपुर रहा अव्वल, विभिन्न विधाओं में विद्यार्थियों ने दिखाई कला
माहिलपुर, 4 नवंबर। श्री गुरु गोबिंद सिंह खालसा कॉलेज माहिलपुर में पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के तत्वावधान में आयोजित चार दिवसीय जोनल युवक एवं विरासती मेले के तीसरे दिन विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन किया। होशियारपुर जोन-5 के 30 कॉलेजों के विद्यार्थियों ने नाट्य कला, भंड, हिस्ट्रियोनिक्स, फुलकारी और विरासती क्विज सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंगमंच और विरासत से जुड़ी प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में दशमेश गर्ल्स कॉलेज मुकेरियां की चेयरपर्सन सुखविंदर कौर, प्रिंसिपल मीतू महाजन, प्रिंसिपल डॉ. भानू गुप्ता, सुरिंदरपाल झल्ल और हरप्रीत सिंह हॉलैंड ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। सिख एजुकेशनल काउंसिल के प्रधान संत साधु सिंह कहारपुर, मैनेजर इंद्रजीत सिंह भारटा, सचिव प्रो. अपिंदर सिंह माहिलपुरी और खजांची वीरइंदर शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
