इकलौते कमाऊ बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शुरू की जांच
एएम नाथ। चम्बा : हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला की ग्राम पंचायत उदयपुर में वीरवार देर रात एक हृदय विदारक हादसा सामने आया, जिसने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद उदयपुर और आसपास के इलाकों में मातम का माहौल है।
मृतक की पहचान नोडी (26), पुत्र नामो राम के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूर था और मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। जानकारी के अनुसार, यह हादसा वीरवार रात करीब 9:30 बजे पंचायत के पंप हाउस के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि अंधेरे के कारण युवक को ट्रैक्टर के आने का अंदाजा नहीं हो पाया और वह अचानक उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दुखद घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। नोडी अपने माता-पिता का इकलौता बेटा और घर का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही माँ बेहोश होकर गिर पड़ीं, जबकि पिता बदहवास हालत में नंगे पैर ही घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मृतक की एक बड़ी बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। अब घर में केवल बुजुर्ग माता-पिता ही रह गए हैं, जिनका सहारा छिन गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही द्रड्डा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रैक्टर के नीचे आने से युवक की मौत हुई है।
पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि हादसा चालक की लापरवाही से हुआ या फिर किसी तकनीकी खराबी के कारण।
