मोहाली : मोहाली में चाचा की हत्या करने वाला भतीजा और उसके दो साथियों को पुलिस ने धर-धबोचा है। जांच में सामने आया कि दयाल सिंह रोजाना झगड़ा करता था। यहां तक कि भाई की बेटी पर भी बुरी नजर रखने की बात सामने आई है। इसी से परेशान होकर भतीजे ने अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर दयाल सिंह को मौत के घाट उतार दिया।
घटना दो मार्च की रात की है। युवकों ने दयाल सिंह के सीने पर चाकू घोंप दिया। मकान मालिक ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की और 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपित को पकड़ लिया। उत्तराखंड के जिला चमोली के गांव तलवाड़ी खालसा निवासी आनंद सिंह का एक परिवार दीपक खन्ना के मकान में किराये पर कमरे लेकर रहता है। आनंद के चाचा का बेटा दयाल सिंह भी पिछले पांच-छह महीनों से पास रह रहा था और शादी-पार्टियों में वेटर का काम करता था। दो को मकान मालिक को कमरे में दयाल के हत्या की जानकारी मिली।
पुलिस जांच में सामने आया कि दयाल सिंह अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा करता था। वह आनंद सिंह की बेटी को गालियां देता था और उस पर गलत नजर रखने लगा था। इस बात को लेकर लड़की का भाई मनीष नाराज रहता था और दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ।
परिवार में इस बात को लेकर तनाव बना हुआ था। इसी वजह से युवक अपने चाचा से बेहद नाराज था और उसे सबक सिखाने की योजना बना रहा था। डीएसपी सिटी-1 पृथ्वी सिंह चहल ने बताया कि दो मार्च की रात दयाल सिंह और मनीष के झगड़ा हो गया। मनीष ने ताऊ के बेटे और एक अन्य दोस्त को कमरे में बुला लिया।
दोनों ही नाबालिग बताए जा रहे हैं। तीनों ने मिलकर दयाल सिंह पर हमला कर दिया और सीने पर किरच से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
