एएम नाथ। मानसा। परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर मानसा में चल रहे धरने में आज पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने शिरकत की। उनके साथ दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह और जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलवंत सिंगला भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने धरने पर बैठे लोगों से मुलाकात कर उनकी मांगों और संघर्ष के बारे में जानकारी ली।
इस बीच झोटा एक्शन कमेटी की बैठक में आंदोलन को और तेज करने का फैसला लिया गया। कमेटी ने 5 नवंबर को चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास का घेराव करने का ऐलान किया है। इसके अलावा कल पंजाबभर में सभी विधायकों के आवासों का घेराव करने की घोषणा भी की गई है। प्रदर्शनकारी लगातार परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड में इंसाफ की मांग कर रहे हैं।
मानसा की तीनों सब-डिवीजनों में नए डीएसपी तैनात
झोटा हत्याकांड को लेकर जारी विरोध के बीच पंजाब सरकार ने मानसा जिले की तीनों सब-डिवीजनों में डीएसपी बदल दिए हैं। मानसा के डीएसपी हरजिंदर सिंह गिल को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। उनकी जगह डीएसपी (डी) पुष्पिंदर सिंह गिल को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया था।
अब तीन डीएसपी स्तर के अधिकारियों को अस्थायी तौर पर मानसा जिले में तैनात किया गया है। स्पेशल डीजीपी (एच) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार फतेहगढ़ साहिब में डीएसपी कमांड सेंटर के पद पर तैनात गुरप्रताप सिंह को मानसा, बठिंडा ग्रामीण के डीएसपी हरविंदर सिंह सरां को सरदूलगढ़ और बठिंडा स्पेशल ब्रांच के डीएसपी सरबजीत सिंह बराड़ को बुढलाडा का डीएसपी नियुक्त किया गया है।
वहीं बुढलाडा के डीएसपी सिकंदर सिंह का तबादला संगरूर स्थित लड्डा कोठी में कर दिया गया है।
फोटो कैप्शन: मानसा में झोटा हत्याकांड को लेकर जारी धरने में शामिल पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह और सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह।
