टिपर चालक की चमकी किस्मत…. 500 रुपये के टिकट पर जीते 12 करोड़ रुपये

by
डेराबस्सी के हुमायूंपुर गांव के बलजिंदर सिंह ने जीता दिवाली बंपर का पहला पुरस्कार, टैक्स कटने के बाद मिलेंगे 8.40 करोड़ रुपये

डेराबस्सी। किस्मत कब किस पर मेहरबान हो जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। पंजाब के डेराबस्सी के पास स्थित गांव हुमायूंपुर के रहने वाले एक टिपर चालक की किस्मत ऐसी चमकी कि वह रातोंरात करोड़पति बन गए। बलजिंदर सिंह ने पंजाब सरकार की दिवाली बंपर लॉटरी का 12 करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार जीतकर अपने परिवार और पूरे गांव को खुशियों से भर दिया है। उन्होंने महज 500 रुपये का लॉटरी टिकट खरीदा था।

45 वर्षीय बलजिंदर सिंह को सोमवार रात करीब 11 बजे लॉटरी जीतने की सूचना मिली। उन्होंने 10 नवंबर को हांडेसरा स्थित एक लॉटरी विक्रेता से यह टिकट खरीदा था। खास बात यह है कि उनका परिवार पिछले करीब 15 वर्षों से नियमित रूप से लॉटरी टिकट खरीद रहा था, लेकिन इस बार किस्मत ने उनका साथ दिया और परिवार की जिंदगी में बड़ी खुशखबरी आ गई।

बलजिंदर सिंह खेतीबाड़ी के साथ-साथ टिपर चलाने का काम करते हैं। उनके पास करीब ढाई से तीन एकड़ जमीन है। वह एक छोटे किसान परिवार से संबंध रखते हैं और उनके दो बच्चे हैं। 12 करोड़ रुपये का पुरस्कार जीतने की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। रिश्तेदारों और गांववासियों ने उनके घर पहुंचकर बधाई दी और इस खुशी में शामिल हुए।

टैक्स कटने के बाद खाते में आएंगे 8.40 करोड़

लॉटरी के 12 करोड़ रुपये के प्रथम पुरस्कार पर 30 प्रतिशत टैक्स कटौती के बाद बलजिंदर सिंह को करीब 8.40 करोड़ रुपये मिलेंगे। हालांकि, पुरस्कार राशि प्राप्त करने की प्रक्रिया में डेढ़ से तीन महीने तक का समय लग सकता है।

इसके लिए विजेता को मूल लॉटरी टिकट, दो पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज पंजाब लॉटरी विभाग के निदेशक कार्यालय में जमा करवाने होंगे। विभाग की ओर से दस्तावेजों की जांच के बाद संबंधित फाइल तैयार कर सरकार को भेजी जाएगी। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पुरस्कार राशि जारी की जाएगी। बलजिंदर सिंह अपने साथियों के साथ जीरकपुर स्थित लॉटरी कार्यालय भी पहुंचे और पुरस्कार प्राप्त करने के लिए आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की।

15 साल से खरीद रहे थे लॉटरी टिकट

बलजिंदर सिंह ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह खुद को बेहद भाग्यशाली मानते हैं। भगवान ने उनकी प्रार्थना सुन ली है। वह पिछले 15 वर्षों से लॉटरी टिकट खरीद रहे थे, लेकिन कभी इतने बड़े पुरस्कार की उम्मीद नहीं की थी। उन्होंने बताया कि परिवार में पिता, पत्नी और बच्चों सहित सभी सदस्य इस खबर से बेहद खुश हैं। फिलहाल परिवार ने पुरस्कार राशि के इस्तेमाल को लेकर कोई योजना नहीं बनाई है। उनकी पहली प्राथमिकता जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर राशि प्राप्त करना है।

सरपंच बोले- छोटे किसान परिवार के लिए बड़ी खुशी

गांव के सरपंच दलबीर सिंह ने बताया कि लॉटरी विजेता बलजिंदर सिंह उनके भतीजे हैं और महिंदर सिंह के बेटे हैं। वह एक साधारण किसान परिवार से संबंध रखते हैं तथा स्टोन क्रशर पर टिपर चलाकर परिवार का गुजारा करते हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है।

सरपंच दलबीर सिंह ने दिवाली बंपर के प्रथम पुरस्कार की राशि 5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12 करोड़ रुपये करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

पंजाब लॉटरी के इतिहास का सबसे बड़ा पुरस्कार

दिवाली बंपर 2026 का 12 करोड़ रुपये का प्रथम पुरस्कार पंजाब लॉटरी के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी पुरस्कार राशि बताई जा रही है। इससे पहले वर्ष 2025 के दिवाली बंपर में प्रथम पुरस्कार 11 करोड़ रुपये था, जबकि जनवरी 2025 में लोहड़ी-मकर संक्रांति बंपर का पहला पुरस्कार 10 करोड़ रुपये रखा गया था। इस बार 500 रुपये के टिकट ने बलजिंदर सिंह की किस्मत बदल दी।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर डिप्टी स्पीकर के गृह समक्ष धरना – धरने में आकर डिप्टी स्पीकर ने लिया किसानों से मांग

गढ़शंकर । 17 अगस्त: किसान संगठनों द्वारा संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर डिप्टी स्पीकर पंजाब के घर के सामने धरना दिया। जिसमें कुल हिंद किसान सभा के दर्शन सिंह मट्टू, गुरनेक सिंह भज्जल,किरती...
article-image
पंजाब

आदर्श सोशल वेलफेयर सोसायटी के संथापक प्रधान सतीश सोनी ने अपनी बेटी अनंता का जन्म दिन सरकारी स्कूल में मनाया

गढशंकर : आदर्श सोशल वेलफेयर सोसायटी पंजाब के संथापक प्रधान सतीश कुमार सोनी ने अपनी बेटी अनंता का जन्म दिन सरकारी एलिमेंट्री स्कूल गांव खानपुर में छोटे बच्चों के साथ केक काटकर मनाया। इस...
article-image
पंजाब

सिख बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा देना मुख्य लक्ष्य है, न कि गुरु घरों को सोने से ढकना – मंडेबर

गढ़शंकर : आज गांव इब्राहिम पुर (बगवाईं) के समाजसेवी व सिख नेता हरवेल सिंह सैनी के आवास पर वैशाखी के अवसर पर एक समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी...
article-image
पंजाब

100 ग्राम हेरोइन सहित नशा तस्कर गिरफ्तार

गढ़शंकर : 20 सितंबर : गढ़शंकर पुलिस द्वारा एक नशा तस्कर को 100 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया है। जानकारी देते थाना प्रभारी गढ़शंकर इंस्पेक्टर करनैल सिंह ने बताया के जिला पुलिस प्रमुख...
Translate »
error: Content is protected !!