दर्दनाक हादसा: ट्रक के नीचे घुसी बाइक, तीन युवकों की मौत

by

रात 3:30 बजे हुआ भीषण हादसा; एक ही बाइक पर सवार थे तीनों युवक, मोबाइल से परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस

गोराया, 5 सितंबर। जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोराया ओवरब्रिज के पास देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि पीछे से आ रही स्प्लेंडर बाइक आगे चल रहे डाक पार्सल ट्रक के नीचे करीब 10 फीट तक घुस गई। तीनों युवक गंभीर हालत में सड़क पर खून से लथपथ मिले।

हादसा करीब रात 3:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर जालंधर से लुधियाना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई।

सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने देखा कि बाइक ट्रक के नीचे बुरी तरह फंसी हुई थी, जबकि तीनों युवक सड़क पर पड़े थे। 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों को फिल्लौर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

10 फीट तक ट्रक के नीचे घिसटती गई बाइक

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक ट्रक के नीचे काफी दूर तक घिसटती चली गई। आसपास मौजूद लोगों के मुताबिक बाइक करीब 10 फीट तक ट्रक के नीचे फंसी थी। उसे बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में हाइड्रा की मदद से ट्रक और बाइक को अलग किया गया।

जेब में पहचान पत्र नहीं, मोबाइल बने परिवारों तक पहुंचने का सहारा

हादसे के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतकों की पहचान और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने की थी। युवकों के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिला, लेकिन उनकी जेब से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस इन्हीं मोबाइल फोन के जरिए उनके परिवारों का पता लगाने में जुटी है।

प्रारंभिक जांच में दो युवकों की पहचान लुधियाना के राधास्वामी रोड निवासी साहिल पुत्र जयकरण और जितेंद्र कुमार पुत्र हरि नंदन के रूप में हुई है। तीसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार तीनों युवकों के लुधियाना में रहकर किसी फैक्ट्री में काम करने और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले होने की आशंका है।

हादसे के बाद ट्रक चालक गायब

पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल डाक पार्सल ट्रक महाराष्ट्र नंबर का है। दोनों वाहन जालंधर से लुधियाना की दिशा में जा रहे थे। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने के कारण बाइक पीछे से उसमें जा टकराई हो, लेकिन हादसे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

तीनों शव सिविल अस्पताल फिल्लौर भेजे

हादसे की सूचना गोराया थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों शवों को कब्जे में लिया और सिविल अस्पताल फिल्लौर भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को हाईवे से हटाने के बाद यातायात को सामान्य कराया गया।

इस दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस अब मृतकों की पहचान पूरी करने के साथ उनके परिजनों तक पहुंचने और हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी हुई है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

विवाहिता सरोज बाला द्वारा आत्महत्या करने के आरोप में पति , जेठ और सास ग्रिफ्तार

गढ़शंकर :  गांव कनेवाल में 25 वर्षीय विवाहिता सरोज बाला द्वारा जहरीली वस्तू निगल कर आपने मायके जाकर आत्महत्या करने के मामले में पांच ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जिनमें से...
article-image
पंजाब

दिन दिहाड़े बाईक सवार युवकों ने ऐक्टिवा पर सवार औरत का पर्स झपटा

पर्स में 10 हजार की नकदी, एक मोबाइल फोन तथा जरूरी कागजात थे- ऐक्टिवा का संतुलन बिगडऩे से सवार दंपति घायल- गढ़शंकर: आज गढ़शंकर-होशियारपुर मुख्य मार्ग पर दिन दिहाड़े बाईक सवार दो युवकों ने...
article-image
पंजाब

सेना की विशेष ट्रेन में युवती के साथ दुष्कर्म : पीड़िता को घसीटकर अंदर ले गया आर्मी का जवान; चीखें सुनकर मौके पर पहुंचे RPF कर्मी

रांची: टाटीसिलवे रेलवे स्टेशन से एक गंभीर और शर्मनाक घटना सामने आई. 21 वर्षीय युवती ने आर्मी के जवान पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की सतर्कता...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

केजरीवाल को तिहाड़ जेल में उनके परिवार के सदस्यों से व्यक्तिगत रूप से मिलने नहीं दिया जा रहा : संजय सिंह

नई दिल्लीः आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को दावा किया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल में उनके परिवार के सदस्यों से व्यक्तिगत...
Translate »
error: Content is protected !!