जगराओं : मोहल्ला माई जीना में एक 26 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतक की पहचान इकबाल सिंह के रूप में हुई है. परिवार को शक है कि उसकी मौत नशे की ओवरडोज से हुई है । घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की मां ने बताया कि वह सुबह खेतों में आलू चुनने गई थी. जब वह दोपहर को घर वापस लौटी तो उसने अपने बेटे का शव घर में पड़ा देखा. परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और मां ही मेहनत मजदूरी कर घर चलाती है, जबकि पिता बीमारी के कारण काम नहीं कर पाते। मृतक के पिता बलदेव सिंह ने बताया कि उसका बेटा ‘चिट्टे’ नशे का आदी था. उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन भी इकबाल कुछ जानकारों के साथ बाहर गया था. दोपहर करीब 2:30 बजे दो युवक उसे घर छोड़कर चले गए और थोड़ी ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
पिता के अनुसार, बेटे की जेब से एक सिरिंज और सुई भी बरामद हुई है, जिससे नशे की आशंका और गहरी हो गई है. परिवार का मानना है कि अगर समय रहते इलाज मिलता या सही माहौल मिलता, तो शायद यह हादसा टल सकता था।
इलाके में बढ़ता नशे का खतरा : परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाके में नशे से जुड़ी पहली मौत नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया कि मोहल्ले में खुलेआम नशा बिक रहा है, लेकिन डर और दबाव के कारण लोग पुलिस को सूचना नहीं दे पाते. स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगी, तो और भी कई घर बर्बाद हो सकते हैं।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच : पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सिटी पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह ने बताया कि मौत का असली कारण रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा. उन्होंने कहा कि परिवार के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके ।
