कपूरथला : जिला पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार सप्लाई करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7.65 एमएम के पांच देसी पिस्टल भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि पकड़े गए आरोपी विदेश में बैठे हैंडलर्स के इशारों पर काम कर रहे थे। इन हैंडलर्स का ठिकाना फिलीपींस और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) बताया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि खुफिया विभाग से मिली जानकारी के आधार पर एक विशेष ऑपरेशन चलाया गया था। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से पांच देसी पिस्टल बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने ये अवैध हथियार मध्यप्रदेश से खरीदे थे। योजना के तहत इन हथियारों को पंजाब में किसी गैंग को सप्लाई किया जाना था। हालांकि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिससे बड़ी वारदात टल गई।
पुलिस का कहना है कि बरामद किए गए हथियारों का इस्तेमाल इलाके में फायरिंग की घटनाओं और जबरन वसूली जैसी आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जाना था। जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और पंजाब में किन गिरोहों तक हथियार पहुंचाए जाने थे।
एसएसपी कपूरथला गौरव तूरा : पुलिस ने इस ऑपरेशन के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच जारी है और जल्द ही प्रेसवार्ता कर पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों के आगे और पीछे के लिंक भी खंगाल रही है। साथ ही विदेश में बैठे हैंडलर्स और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस पूरे मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
