चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा संभव; हाईकमान से मुलाकात के भी आसार
एएम नाथ। शिमला : शिमला। खराब मौसम ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का सोमवार का हवाई सफर रोक दिया। शिमला में मौसम प्रतिकूल होने के कारण मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर को उड़ान नहीं मिल सकी। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए और वहां से विमान के जरिए दिल्ली पहुंचे।
मुख्यमंत्री का सुबह हेलीकॉप्टर से दिल्ली जाने का कार्यक्रम था, लेकिन बारिश और खराब मौसम के कारण उड़ान संभव नहीं हो सकी। इसके बाद दोपहर में उन्होंने सड़क मार्ग से चंडीगढ़ की ओर रुख किया।
CWC बैठक में शामिल होंगे सुक्खू
मुख्यमंत्री मंगलवार को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक में शामिल होंगे। कांग्रेस की इस बैठक में चुनाव आयोग से जुड़े हालिया विवाद, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा होने की संभावना है।
हिमाचल कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रतिभा सिंह भी सड़क मार्ग से दिल्ली के लिए रवाना हुई हैं। वह भी CWC की बैठक में शामिल होंगी।
कांग्रेस हाईकमान से मुलाकात की संभावना
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री के कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करने की भी संभावना है। इस दौरान हिमाचल मंत्रिमंडल में संभावित नए मंत्री को शामिल किए जाने सहित राज्य से जुड़े संगठनात्मक और राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार या किसी नए मंत्री के नाम को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
30 सितंबर को रोहड़ू जाने का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के 30 सितंबर को रोहड़ू जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। यहां ‘एक शाम गांव के नाम’ कार्यक्रम में शामिल होकर वह ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुन सकते हैं। इस दौरान स्थानीय लोगों की मांगों और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
