हमीरपुर में भारी बारिश से कई सड़कें बंद, PWD ने कुछ घंटों में किया बहाल; मानसून में 29.22 करोड़ का नुकसान

by

एएम नाथ।   हमीरपुर, 19 अगस्त :  हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में मंगलवार रात और बुधवार सुबह हुई भारी बारिश से कई क्षेत्रों में भूस्खलन और पेड़ गिरने के कारण सड़कें अवरुद्ध हो गईं। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने तत्परता दिखाते हुए मशीनरी और श्रमिकों की मदद से अधिकांश अवरुद्ध सड़कों को कुछ ही घंटों में यातायात के लिए बहाल कर दिया।

भारी बारिश के कारण सुजानपुर-संधोल, बदारन-जोल गाहलियां, कसीरी महादेव-डूहक-छतरूड़ू, टौणी देवी-उहल, उहल-जंदड़ू, लघवाण-टौणी देवी, टियालू-लोहारडा, पंजोत-ललयार और बणी-मटकर समेत कई सड़कें प्रभावित हुईं। सड़कों पर मलबा और पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही PWD ने मौके पर मशीनरी और लेबर भेजकर यातायात बहाल करने का काम शुरू कर दिया।

मान खड्ड का जलस्तर बढ़ने से सड़क प्रभावित

नादौन उपमंडल में मान खड्ड का जलस्तर बढ़ने के कारण नादौन-गौना-धनेटा सड़क भी कुछ समय के लिए अवरुद्ध रही। वहीं, ग्राम पंचायत कश्मीर में कुछ घरों में मलबा आने की सूचना के बाद एसडीएम निशांत शर्मा और बचाव दल बुधवार सुबह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

24 घंटे में 15 लाख से अधिक का नुकसान

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (DEOC) में बुधवार दोपहर तक प्राप्त प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जिले में 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

इस दौरान एक पक्के मकान, चार कच्चे मकानों और एक गौशाला को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

मानसून में अब तक 29.22 करोड़ से अधिक का नुकसान

30 जून के बाद शुरू हुए मौजूदा मानसून सीजन में हमीरपुर जिले में सरकारी और निजी संपत्ति को हुए नुकसान का आंकड़ा 29.22 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच गया है।

विभागवार नुकसान की स्थिति इस प्रकार है:

  • लोक निर्माण विभाग: 24.13 करोड़ रुपये
  • जल शक्ति विभाग: 4.53 करोड़ रुपये
  • बिजली बोर्ड: 39.48 लाख रुपये
  • शिक्षा विभाग: 10 हजार रुपये
  • 3 कच्चे मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त: करीब 7.50 लाख रुपये
  • 9 कच्चे और 3 पक्के मकान आंशिक क्षतिग्रस्त: करीब 4.50 लाख रुपये
  • 13 गौशालाएं क्षतिग्रस्त: करीब 2.70 लाख रुपये

सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश

उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए सभी विभागों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। फील्ड अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में हुए नुकसान की रिपोर्ट तुरंत भेजने को कहा गया है, ताकि राहत एवं बचाव कार्य जल्द शुरू किए जा सकें।

नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें

उपायुक्त ने लोगों से आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग नदी-नालों के पास न जाएं और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें।

उन्होंने खराब मौसम में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, पेड़ों के नीचे आश्रय न लेने और बिजली की तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी। ब्यास नदी के किनारे रहने वाले लोगों को भी नदी के पास न जाने की अपील की गई है।

आपात स्थिति में 1077 पर करें संपर्क

प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति में जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (DEOC) के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क करने की अपील की है। इसके अलावा 01972-221277, 01972-221377, 01972-221477 और 01972-221877 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

हिमाचल प्रदेश

जनगणना के बोझ तले दब रही शिक्षा, शिक्षकों ने उठाए सवाल : दुर्गम क्षेत्रों में अध्यापकों पर बढ़ता अतिरिक्त भार, पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका

‘शिक्षक पढ़ाएं या जनगणना करें?’ सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था पर चिंता एएम नाथ। चंबा : हिमाचल प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों पर लगातार बढ़ रहे गैर-शैक्षणिक कार्यों को लेकर चिंता बढ़ती जा...
article-image
हिमाचल प्रदेश

1 करोड़ रुपये का चेक : सिद्ध श्री बाबा बालक मंदिर की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए

शिमला : सिद्ध श्री बाबा बालक नाथ शाहतलाई मंदिर की ओर से आज शिमला में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को मुख्यमंत्री राहत कोष...
article-image
हिमाचल प्रदेश

दाड़लाघाट में दो दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता सम्पन्न – खेलों के माध्यम से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को आत्मसात करें छात्र – संजय अवस्थी

एम नाथ : अर्की :  अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए मानसिक एकाग्रता, नियमित व्यायाम एवं परिश्रम आवश्यक है। यह सभी हम खेलों के माध्यम से...
article-image
हिमाचल प्रदेश

ढीकलू रि जोड़ी” गागर, करमु छला रहे हैं काफी लोकप्रिय : जितेन्द्र पंकज शर्मा का नया गाना “राजा तेरे गोरखेया ने” रिलीज

एएम नाथ। चम्बा हिमाचल प्रदेश का जिला चंबा अपनी समृद्ध संस्कृति और संगीत के लिए जाना जाता है जिला चंबा के कई गाने बॉलीवुड में भी गाए गए हैं, आज दरबार हॉल में आयोजित...
Translate »
error: Content is protected !!