एएम नाथ। मंडी : सिरमौर जिले के हरिपुरधार में हुए भीषण बस हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दुर्घटना में 12 यात्रियों की मृत्यु को हृदयविदारक बताते हुए उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। जयराम ठाकुर ने हादसे के बाद क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों की बदहाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि हरिपुरधार और आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों में लचर व्यवस्था और सुविधाओं का अभाव अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, जिससे घायलों को समय पर उचित उपचार मिलने में भारी कठिनाई हो रही है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को तुरंत दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न बने।
ठाकुर ने जानकारी दी कि उन्होंने स्थानीय भाजपा सांसद सुरेश कश्यप को तुरंत मौके पर जाकर पीड़ित परिवारों की मदद करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जमीनी स्तर पर राहत कार्य सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि वह राजनीति से ऊपर उठकर घायलों के लिए बेहतरीन स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराए और मृतकों के आश्रितों को हरसंभव सहायता व उचित मुआवजा प्रदान करे। जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि संकट की इस घड़ी में भाजपा का हर कार्यकर्ता पीड़ितों के साथ खड़ा है और सरकार को राहत कार्यों में कोई कोताही नहीं बरतनी चाहिए।
