घंडल-सोलह मील के पास कार की HRTC बस से टक्कर; बेटा गंभीर घायल, IGMC में चल रहा उपचार
एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के घणाहट्टी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। घंडल-सोलह मील के पास कार और HRTC बस के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे में कार सवार दयानंद (57), उनकी पत्नी हेमलता (52) और दयानंद की माता विद्यादेवी (75) की मौत हो गई। कार चालक उनका बेटा मनीश गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका उपचार IGMC शिमला में चल रहा है।
इलाज करवाकर लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य गुरुवार सुबह उपचार के लिए IGMC शिमला पहुंचे थे। दवाई लेने के बाद वे कार से वापस घणागूघाट की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान घंडल-सोलह मील के पास उनकी कार की HRTC बस से टक्कर हो गई।
कार में दो पुरुष और दो महिलाएं सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दयानंद और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला ने IGMC शिमला में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक और घायल फान्जी गांव, डाकघर घणागूघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन के रहने वाले बताए गए हैं।
बस में सवार यात्रियों को नहीं लगी चोट
शिमला पुलिस के अनुसार हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस चौकी धामी की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। हादसे में HRTC बस में सवार किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के मुताबिक कार चालक मनीश पुत्र दयानंद गंभीर रूप से घायल है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी में हादसे का कारण ओवरस्पीड और पास लेने के दौरान हुई टक्कर बताया जा रहा है। हालांकि दुर्घटना में किसकी गलती थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
