दंत चिकित्सकों से मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया संवाद : आधुनिक मशीनों से लैस होंगे दंत चिकित्सा महाविद्यालय, अस्पतालों में भी स्थापित होंगी डेंटल चेयर

by

हिमाचल में दंत चिकित्सा सेवाओं पर खर्च होंगे 23.10 करोड़ रुपये, हमीरपुर में 600 करोड़ से बनेगा आधुनिक डेंटल कॉलेज

एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश में दंत चिकित्सा सेवाओं को आधुनिक और बेहतर बनाने के लिए प्रदेश सरकार 23.10 करोड़ रुपये खर्च करेगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दंत चिकित्सकों के साथ संवाद के दौरान पहले चरण में जारी 5.10 करोड़ रुपये के अतिरिक्त 18 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेशवासियों को आधुनिक तकनीक से युक्त, सुलभ और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी राजकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, शिमला को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। यहां उच्च तकनीक वाली डेंटल चेयर, सीबीसीटी मशीनें, इंट्रा ओरल स्कैनर और आधुनिक ऑपरेशन थिएटर टेबल उपलब्ध करवाए जाएंगे। इन उपकरणों से दंत चिकित्सकों की कार्यक्षमता बढ़ने के साथ मरीजों को बेहतर जांच और उपचार की सुविधा मिलेगी। दंत चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए पर्याप्त पैरा मेडिकल स्टाफ भी उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके साथ ही दंत रेडियोलॉजी सेवाओं को आधुनिक उपकरणों से सुदृढ़ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हमीरपुर में करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक दंत चिकित्सा महाविद्यालय एवं उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किया जा रहा है। इसके अलावा चमियाणा में भी दंत चिकित्सा महाविद्यालय के नए परिसर के निर्माण की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि दंत चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक और क्लीनिकल सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सीनियर रेजिडेंसी नीति लागू की जाएगी। लेक्चरर के पद पर कार्यरत संकाय सदस्यों को असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर पदोन्नत करने की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे दंत चिकित्सा क्षेत्र के शिक्षकों को सेवाकाल में उन्नति के बेहतर अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री ने दंत चिकित्सा महाविद्यालय शिमला में एनेस्थीसियोलॉजिस्ट की सुविधा उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर दंत उपचार उपलब्ध करवाने के लिए ट्रामा सेंटरों में भी डेंटल चेयर स्थापित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में दंत चिकित्सकों की सहायता के लिए मल्टी टास्क वर्कर्स तैनात किए जाएंगे। सरकार दंत चिकित्सकों की समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है। उनके लिए नॉन प्रैक्टिसिंग अलाउंस (एनपीए) देने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने दंत चिकित्सकों से आधुनिक तकनीक का अधिकतम इस्तेमाल कर प्रदेश में दंत चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार लाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने मुख्यमंत्री की पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। मेडिकल कॉलेजों के साथ दंत चिकित्सा महाविद्यालयों में भी आधुनिक तकनीक और उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। उन्होंने दंत चिकित्सा सेवाओं के लिए 18 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी करने की घोषणा पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर सचिव स्वास्थ्य आशीष सिंहमार, निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. गोपाल बेरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 12 फरवरी से भटियात प्रवास पर रहेंगे

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समोट के भवन निर्माण के लिए 14 फरवरी को रखेंगे आधारशिला एएम नाथ। चंबा : विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 12 फरवरी से भटियात विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे। विधानसभा अध्यक्ष के...
article-image
हिमाचल प्रदेश

रास्ता भूले बादल और बारिश – हिमाचल प्रदेश में 54 साल में सातवीं बार हुई सबसे कम बरसात

एएम नाथ। शिमला :  हिमाचल प्रदेश में अक्टूबर महीने के बाद नवंबर महीने में भी अब तक बारिश नहीं हुई है. इस साल अक्टूबर महीने में 97 फीसदी तक कम बारिश हुई और नवंबर...
article-image
हिमाचल प्रदेश

बड़सर क्षेत्र से जालंधर के लिए शुरू करेंगे बस सेवा : इंद्र दत्त लखनपाल विधायक ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ब्याड़ के मेधावी विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार

बड़सर 17 दिसंबर :  विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा है कि हमीरपुर से जालंधर वाया कड़साई, जौड़ेअंब नई बस सेवा आरंभ करने के लिए सभी औपचारिकताएं जल्द ही पूरी की जाएंगी। यह बस...
article-image
हिमाचल प्रदेश

श्री मदभागवत कथा के श्रवण से मौत के भय से मिलती है मुक्ति : सोने का मुकुट पहनने के बाद राजा परीक्षित ने तपस्या कर रहे ऋषि के गले में डाला सांप

ऋषि के बेटे ने जब अपने पिता का निरादर देखा तो उन्हें राजा को दिया था शाप बीबीएन, 01 अप्रैल (तारा) : बद्दी उपमंडल के मजरू में प्रीतम पाल ठाकुर द्वारा आयोजित श्रीमद्भागवत पुराण कथा...
Translate »
error: Content is protected !!