दुर्गम काशा पाट में सीएम सुक्खू का रात्रि प्रवास : स्कूल के लिए 2 करोड़ और बस सेवा का ऐलान

by

मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों के बीच बिताई रात; बच्चों की सुविधा के लिए काशा पाट-तकलेच-रामपुर बस सेवा का प्रयास, बस खरीद पर 40% सब्सिडी और पांच साल तक 50 हजार मासिक सहायता

एएम नाथ। रामपुर, 3 अक्तूबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के भटवाड़ी में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम में भाग लेने के बाद रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दुर्गम गांव काशा पाट पहुंचकर ग्रामीणों के बीच रात्रि प्रवास किया। मुख्यमंत्री ने पाट निवासी सुपन दास के घर रात बिताई।

काशा पाट पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों और लोक संस्कृति के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें पारंपरिक वेशभूषा भेंट कर सम्मानित किया। देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रम चलते रहे, जिनमें मुख्यमंत्री ने भी नाटी में भाग लिया।

स्कूल भवन के लिए 2 करोड़ रुपये

मुख्यमंत्री ने काशा पाट में नए स्कूल भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। साथ ही गांव में खेल मैदान विकसित करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि दूरदराज क्षेत्रों के बच्चों को शिक्षा के लिए परेशान न होना पड़े।

इसी उद्देश्य से काशा पाट से तकलेच होते हुए रामपुर तक बस सेवा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को समय पर स्कूल पहुंचने और छुट्टी के बाद सुरक्षित घर लौटने में सुविधा मिल सके।

बस खरीदने पर 40% सब्सिडी, 5 साल तक 50 हजार मासिक सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि गांव का कोई व्यक्ति अधिकतम 30 लाख रुपये की लागत से बस खरीदकर यह सेवा शुरू करता है तो सरकार की ओर से 40 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। बस मालिक को पांच वर्ष तक 50 हजार रुपये प्रति माह की सहायता देने का भी प्रावधान बताया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोहड़ू क्षेत्र में भी इसी प्रकार 40 प्रतिशत सब्सिडी का प्रावधान किया जाएगा।

दुर्गम क्षेत्रों को सड़क से जोड़ना चुनौती

सुक्खू ने कहा कि हिमाचल की करीब 68 प्रतिशत भूमि वन क्षेत्र के अंतर्गत है, जिसके कारण सड़क निर्माण के लिए कई बार वन विभाग से अनुमति लेनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों के बावजूद सरकार दूरदराज क्षेत्रों को सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने पर काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि जिन महिला मंडलों के पास अपना भवन नहीं है, उन्हें भवन निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे, जबकि भवन वाले महिला मंडलों को आवश्यक सामान खरीदने के लिए 1-1 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।

महिलाओं के लिए 1500 रुपये मासिक सहायता का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार जल्द ‘अपना परिवार, सुखी परिवार’ योजना शुरू करने जा रही है। उनके अनुसार पात्र महिलाओं को इसके तहत 1,500 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाएगी। उन्होंने सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए चार प्रतिशत ब्याज सब्सिडी और जनजातीय क्षेत्रों में पांच प्रतिशत ब्याज सब्सिडी का भी उल्लेख किया।

होम स्टे से पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने काशा पाट में होम स्टे के लिए पंजीकरण करवाने वाले चार लोगों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि होम स्टे से दुर्गम क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों के लिए आय और रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली बच्चियों के उत्साहवर्धन के लिए उन्होंने एक लाख रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम में नशा निवारण और भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता प्रस्तुतियां भी दी गईं।

‘पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने यहां रात बिताई’

मुख्यमंत्री के मेजबान सुपन दास ने कहा कि उनके गांव में मुख्यमंत्री का रात्रि प्रवास ग्रामीणों के लिए विशेष अवसर है। उन्होंने दावा किया कि यह पहली बार है जब किसी मुख्यमंत्री ने काशा पाट में रात्रि प्रवास किया है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के लिए पारंपरिक व्यंजन तैयार किए।

महिला मंडल काशा पाट की सदस्य वीना देवी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिला मंडलों के लिए सहायता और स्कूल भवन के लिए 2 करोड़ रुपये की घोषणा से क्षेत्र को लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप रतन, हिमकोन अध्यक्ष विकेश चौहान, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

एकीकृत सड़क सुरक्षा डेटाबेस में डाटा अपडेट करने बारे एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

सोलन  :  सड़क सुरक्षा माह 2024 के तहत क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी कार्यालय सोलन में एकीकृत सड़क सुरक्षा डेटाबेस (आई.आर.ए.डी) को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता परिवहन अधिकारी सुरेन्द्र...
article-image
हिमाचल प्रदेश

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने प्रीतमनगर बंगाली कॉलोनी का किया निरीक्षण

स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए दिए निर्देश एएम नाथ। चम्बा : उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने आज भटियात उपमंडल की ग्राम पंचायत हटली के अंतर्गत प्रीतमनगर बंगाली कॉलोनी क्षेत्र का स्थलीय...
article-image
दिल्ली , पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की वजह यह है ? …जानिए इनसाइड स्टोरी

नई दिल्ली : सदन से लेकर सार्वजनिक कार्यक्रमों तक मुखर रहने वाले उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे को देश की राजनीति के जानकार अनायास नहीं मान रहे हैं। खुलकर तो नहीं, लेकिन कुछ इसे...
article-image
हिमाचल प्रदेश

डीआईजी मधुसूदन शर्मा को दी भावभीनी विदाई : DC हेमराज बैरवा और एसपी डॉ. आकृति शर्मा ने पुलिस अधिकारी के रूप में मधुसूदन शर्मा के लंबे सेवाकाल की सराहना की

हमीरपुर 24 नवंबर। इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे हिमाचल प्रदेश पुलिस की सेंट्रल रेंज मंडी के डीआईजी मधुसूदन शर्मा के सम्मान में शुक्रवार को जिला पुलिस की ओर से विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित...
Translate »
error: Content is protected !!