फरीदकोट : जिला पुलिस ने एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के दिशा-निर्देश के अनुसार कार्रवाई करते हुए गांव जलालेआना में दो महिलाओं के बीच निजी विवाद के दौरान हुई बहस में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप की बेअदबी के संवेदनशील मामले में दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान कुलदीप कौर पत्नी जुगराज सिंह और वीरां कौर पत्नी हरपाल सिंह के रूप में हुई है, जो दोनों गांव जलालेआना की ही निवासी हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों महिलाएं आपसी झगड़े के दौरान गुरुद्वारा साहिब में दाखिल हुईं और गुस्से में हाथ मारने से रुमाला साहिब और ऊपर रखा खालसा तीर नीचे गिर गया, जिससे श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पांच पवित्र अंग खंडित हो गए। गुरुद्वारा साहिब में मौजूद ग्रंथी के बेटे जगविंदर सिंह के बयान पर थाना सदर कोटकपूरा में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि दोनों के बीच निजी विवाद के दौरान गुस्से में यह घटना अनजाने में घट गई।
इस संबंध में डीएसपी संजीव कुमार ने बताया कि मामले की संजीदगी को देखते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दोनों आरोपित महिलाओं को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। फरीदकोट पुलिस ने कहा कि समाज में अमन-शांति बनाए रखने हेतु किसी भी व्यक्ति को धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
