नवंबर के तीसरे हफ्ते में हो सकता है अकाली दल-BJP गठबंधन का ऐलान : बठिंडा में PM मोदी की संयुक्त रैली की तैयारी

by

अकाली दल 8 दिसंबर को चाहता था घोषणा, भाजपा ने चुनावी तैयारियों के चलते नवंबर में फैसला लेने पर दिया जोर; मुख्यमंत्री चेहरे पर दोनों दलों में मंथन जारी

चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर शिरोमणि अकाली दल और भारतीय जनता पार्टी के बीच गठबंधन की संभावनाएं तेज हो गई हैं। दोनों दलों के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान नवंबर के तीसरे सप्ताह में हो सकता है। इसके लिए 15 से 22 नवंबर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे की संभावना जताई जा रही है। चर्चा है कि बठिंडा में दोनों दलों की संयुक्त रैली आयोजित कर प्रधानमंत्री से गठबंधन की घोषणा करवाई जा सकती है।

सूत्रों के अनुसार, अकाली दल गठबंधन का ऐलान 8 दिसंबर को करवाना चाहता था। इस तारीख का पार्टी के लिए विशेष राजनीतिक महत्व है, क्योंकि इसी दिन पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल का जन्मदिन होता है। हालांकि, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का मानना है कि दिसंबर तक इंतजार करना चुनावी तैयारियों के लिहाज से देरी होगी।

भाजपा चाहती है कि नवंबर में ही गठबंधन की घोषणा कर दी जाए, ताकि दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल बनाने, जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और संयुक्त जनसंपर्क अभियान शुरू करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

सीएम चेहरे पर अभी सहमति नहीं

गठबंधन की चर्चा के बीच मुख्यमंत्री पद का चेहरा भी दोनों दलों के बीच अहम मुद्दा बना हुआ है। अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं का तर्क है कि पंजाब में पार्टी गठबंधन का मुख्य आधार है, इसलिए मुख्यमंत्री का चेहरा भी अकाली दल से ही होना चाहिए।

दूसरी ओर, भाजपा नेतृत्व का मानना है कि चुनाव में किसी एक चेहरे को आगे किए बिना मैदान में उतरना या चुनाव परिणाम आने के बाद मुख्यमंत्री पद पर फैसला करना राजनीतिक रूप से अधिक फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, सिख समुदाय को उचित प्रतिनिधित्व देने के लिहाज से भाजपा अकाली दल के मुख्यमंत्री चेहरे पर सहमति जता सकती है। फिलहाल इस मुद्दे पर अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।

‘पुनर सुरजीत’ के नेताओं की अकाली दल में वापसी

अकाली दल में पुराने नेताओं की वापसी से भी गठबंधन के राजनीतिक समीकरण प्रभावित हो सकते हैं। प्रोफेसर प्रेम सिंह चंदूमाजरा पार्टी में वापस आ चुके हैं, जबकि बीबी जागीर कौर के 13 नवंबर को अकाली दल में शामिल होने की संभावना है। पूर्व मंत्री एवं अकाली नेता दलजीत सिंह चीमा भी इस संबंध में पुष्टि कर चुके हैं।

बताया जा रहा है कि इन नेताओं की वापसी से भाजपा और अकाली दल के बीच सीटों के बंटवारे का समीकरण प्रभावित न हो, इसके लिए भाजपा अकाली दल को अधिक सीटें देने के फॉर्मूले पर विचार कर रही है।

वहीं, ‘पुनर सुरजीत’ से जुड़े कुछ नेता ऐसे भी हैं जो अकाली दल में शामिल नहीं होना चाहते। ऐसे नेताओं को भाजपा अपने हिस्से की सीटों में समायोजित कर सकती है।

सीट बंटवारे से तय होंगे गठबंधन के समीकरण

गठबंधन की घोषणा के साथ ही दोनों दलों के सामने सीटों के बंटवारे और चुनावी जिम्मेदारियों का सवाल भी अहम रहेगा। अकाली दल अपनी पुरानी राजनीतिक ताकत के आधार पर अधिक सीटें चाहता है, जबकि भाजपा अपने संगठन और जनाधार के हिसाब से हिस्सेदारी तय करना चाहेगी।

फिलहाल गठबंधन की औपचारिक घोषणा, मुख्यमंत्री चेहरे और सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं है। नवंबर में प्रस्तावित राजनीतिक गतिविधियों के बाद पंजाब की चुनावी राजनीति में दोनों दलों की रणनीति की तस्वीर साफ हो सकती है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

21 साल के युवक की छाती में मारी 3 गोली : बदमाशों ने कार घेरकर किया हमला

तरनतारन : तरनतारन में दिन-दहाड़े गोलियां मारकर 21 साल के नौजवान की हत्या कर दी गई। जानकारी के मुताबिक, कुछ लोग कारों और बाइकों पर सवार होकर नौजवान की कार को घेरने की कोशिश...
article-image
पंजाब , समाचार

पूरी सिख संगत ने पंजाब विधानसभा द्वारा सर्वसम्मति से पारित कानून का स्वागत किया : सीएम भगवंत सिंह मान

अमृतसर : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक होकर जागत ज्योति श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन एक्ट-2026 को लागू करने की समझ और शक्ति प्रदान करने के लिए...
article-image
पंजाब

गणतंत्र दिवस पर एलआईसी की तरफ से डा. ममता सम्मानित

होशियारपुर /दलजीत अजनोहा : गणतंत्र दिवस के अवसर पर एलआईसी जालंधर की तरफ से एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। गणतंत्र दिवस पर जालंधर में एक भव्य समारोह दौरान एलआईसी में बेहतरीन काम करने...
Translate »
error: Content is protected !!