नशे के खिलाफ ऊना में 16 सितंबर को मुख्यमंत्री की अगुवाई में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन

by

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू युवाओं से करेंगे संवाद, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत विधायक व गणमान्य होंगे शामिल

रोहित जसवाल।  ऊना, 14 सितंबर। नशे के विरुद्ध हिमाचल सरकार के जन-जागरूकता अभियान के तहत 16 सितंबर को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा, सामाजिक संगठन और आम लोग हिस्सा लेंगे।

उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि मुख्यमंत्री वॉकाथॉन में युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और उनसे संवाद कर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे। इस दौरान प्रतिभागियों को नशे के विरुद्ध तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई जाएगी। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल होंगे।

‘हार्मनी ऑफ दी पाइन्स’ की प्रस्तुति से होगा आगाज

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे इंदिरा गांधी खेल मैदान में होगी। सुप्रसिद्ध पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ दी पाइन्स’ की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का आगाज होगा। करीब दो घंटे के सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद वॉकाथॉन इंदिरा गांधी खेल मैदान से आईएसबीटी ऊना तक जाएगी और वहां से वापस खेल मैदान में संपन्न होगी। मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे।

वॉकाथॉन में 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों, आईटीआई और कॉलेज विद्यार्थियों के साथ बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे। सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा आम लोगों की भी भागीदारी रहेगी।

विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए विशेष यातायात व्यवस्था

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय राणा ने बताया कि 16 सितंबर को सुबह 8 बजे से ऊना जिला मुख्यालय में विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों की सुरक्षित आवाजाही तक यह व्यवस्था जारी रहेगी। वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और अनावश्यक रूप से ऊना शहर की ओर वाहन न लाने की अपील की गई है।

हमीरपुर से चंडीगढ़ वाया ऊना जाने वाले वाहनों को जहां तक संभव हो, भोटा-घुमारवीं-कीरतपुर फोरलेन मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। बंगाणा से चंडीगढ़ जाने वाले वाहन थानाकलां-बीहड़ू-पीरनिगाह-बसोली-चताड़ा-रायपुर मैदान-भाखड़ा-नंगल रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे।

हमीरपुर-अम्ब मार्ग पर वाहनों के लिए बडूही-जोल-खुरवाई मार्ग निर्धारित किया गया है। कांगड़ा-अम्ब-ऊना-चंडीगढ़ मार्ग पर वाहन झलेड़ा-घालूवाल-हरोली-टाहलीवाल-संतोषगढ़-अजौली मोड़ होकर आवागमन कर सकेंगे।

बद्दी से ऊना आने वाले वाहन मैहतपुर-बहडाला-जनकौर-रामपुर मार्ग का इस्तेमाल करेंगे, जबकि ऊना से बद्दी जाने वाले वाहन रामपुर-जनकौर-नंगड़ा-संतोषगढ़-अजौली मोड़ मार्ग से जा सकेंगे।

चार अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित

16 सितंबर को ऊना आने वाली सामान्य बस सेवाओं के लिए चार अस्थायी बस स्टैंड निर्धारित किए गए हैं। मैहतपुर दिशा से आने वाली बसों के लिए बहडाला, हरोली दिशा से आने वालों के लिए रामपुर-हरोली पुल के समीप, अम्ब की ओर से आने वालों के लिए झलेड़ा और बंगाणा की ओर से आने वाली बसों के लिए ओल्ड बस स्टैंड पर स्टॉपेज रहेगा। इन स्थानों से ऊना मुख्यालय तक पहुंचने के लिए एचआरटीसी की शटल बस सुविधा उपलब्ध रहेगी।

छोटे वाहनों से आने वाले प्रतिभागियों के लिए पुराना बस अड्डा ऊना तथा गलुआ मार्ग एवं मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

डीसी चौक से रक्कड़ तक का मार्ग सुबह 8 बजे से सभी विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों के सुरक्षित रूप से रवाना होने तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा। रामपुर-डीसी चौक-झलेड़ा मार्ग पर वन-वे यातायात व्यवस्था रहेगी और वाहन केवल झलेड़ा की ओर जा सकेंगे। आपातकालीन एवं आवश्यक सेवा वाहनों के आवागमन पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।

ड्रोन से होगी निगरानी

अजय राणा ने बताया कि वॉकाथॉन के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। आयोजन स्थल और वॉकाथॉन मार्ग पर ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। यातायात प्रबंधन तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।

पेयजल, स्वास्थ्य और शौचालय की व्यवस्था

प्रतिभागियों की सुविधा के लिए छह पेयजल स्थल बनाए गए हैं। मोबाइल टॉयलेट यूनिट्स सहित पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तीन एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की तीन टीमें तैनात रहेंगी। प्रतिभागियों को आने और वापसी के दौरान रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध करवाया जाएगा।

रामपुर पुल का शिलान्यास, बीडीओ कार्यालय का उद्घाटन

एंटी-चिट्टा एवं पर्यावरण संरक्षण जागरूकता वॉकाथॉन के बाद मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सुबह 11:35 बजे रामपुर पुल का नींव पत्थर रखेंगे। इसके साथ ही वह बीडीओ कार्यालय ऊना का उद्घाटन भी करेंगे।

उपायुक्त जतिन लाल ने जिलावासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में वॉकाथॉन में शामिल होकर नशे के खिलाफ सामूहिक संकल्प को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस जंग को जन आंदोलन का रूप देने में समाज और विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

मणिमहेश यात्रा के मास्टर प्लान  को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा मामला : केवल सिंह पठानिया

चंबा के साथ ज़िला कांगड़ा भी मास्टर प्लान का बनेगा हिस्सा  ,  अनछुए पर्यटन स्थलों के विकास को लेकर इको टूरिज्म बोर्ड बनाने की  तलाशी जा रही हैं संभावनाएं एएम नाथ। चंबा :   हिमाचल...
article-image
हिमाचल प्रदेश

राज्यपाल ने 5वीं सिल्क रूट अल्ट्रा ट्रेल रन रन को किया रवाना : नशामुक्त हिमाचल के लिए सामूहिक प्रयासों का किया आह्वान

एएम नाथ।शिमला :  राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आज जिला शिमला के नारकण्डा में आयोजित ‘5वीं सिल्क रूट अल्ट्रा ट्रेल रन’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह आयोजन नशामुक्त हिमाचल अभियान के अंतर्गत...
article-image
हिमाचल प्रदेश

नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों की आरक्षण प्रक्रिया 11 जुलाई को

एएम नाथ। चम्बा : जिला चंबा में नगर परिषद चंबा व डलहौजी तथा नगर पंचायत चुवाड़ी व बनीखेत के विभिन्न वार्डों के लिए आरक्षण संबंधी प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश म्युनिसिपल इलेक्शन रूल 2015 के नियम...
article-image
हिमाचल प्रदेश

किन्नू में मां चिंतपूर्णी का बाग 1.38 करोड़ रुपए की लागत से बनेगा : डीसी

ऊनाः मां चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में मंदिर ट्रस्ट एक और कदम बढ़ाने जा रहा है। जालंधर-धर्मशाला एनएच पर चिंतपूर्णी मंदिर से लगभग...
Translate »
error: Content is protected !!