चतामली डेयरी प्रशिक्षण केंद्र में दो सप्ताह का कोर्स; 18 से 55 वर्ष तक के अनुसूचित जाति वर्ग के लोग कर सकेंगे आवेदन
मोहाली। पंजाब सरकार की ओर से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने और डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त प्रशिक्षण योजना चलाई जा रही है। इसके तहत पात्र आवेदकों को चतामली स्थित डेयरी प्रशिक्षण केंद्र में दो सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। कोर्स पूरा करने वाले प्रशिक्षुओं को 3500 रुपए वजीफा भी मिलेगा।
मोहाली डेयरी विभाग के डिप्टी डायरेक्टर हरवंत सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए आवेदक की उम्र 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही कम से कम पांचवीं कक्षा पास होना जरूरी है। योजना का लाभ अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र आवेदकों को ही दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खेती में फसली विविधता लाने के साथ किसानों और युवाओं के लिए आमदनी के नए साधन विकसित करना समय की जरूरत है। डेयरी व्यवसाय इस दिशा में स्वरोजगार का अच्छा विकल्प बन सकता है। इसके माध्यम से युवा पशुपालन और दूध उत्पादन से जुड़ा काम शुरू कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
हरवंत सिंह के अनुसार, प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को डेयरी व्यवसाय से संबंधित तकनीकी जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर डेयरी कारोबार को व्यावसायिक स्तर पर शुरू कर सकते हैं। इससे युवाओं को अपना रोजगार स्थापित करने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।
