लड़कियों के मुकाबले में हिमाचल के गोंदपुर बुल्ला की टीम विजेता, अंडर-21 वर्ग में बीनेवाल ने मारी बाजी; 50 से अधिक टीमों ने लिया हिस्सा
गढ़शंकर। गांव पिपलीवाल में मां ज्वाला जी जागरण कमेटी, राधा कृष्ण मंडल और समूह गांववासियों के सहयोग से आयोजित प्रदेश स्तरीय वालीबाल कप में विभिन्न राज्यों से पहुंची 50 से अधिक टीमों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
लड़कियों के वालीबाल मुकाबले में हिमाचल प्रदेश के गोंदपुर बुल्ला की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीनेवाल की टीम को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। अंडर-21 वर्ग के फाइनल मुकाबले में बीनेवाल की टीम ने राजू माजरा (बलाचौर) की टीम को हराकर शानदार जीत दर्ज की।
वहीं, ओपन वर्ग के फाइनल मुकाबले में हरियाणा के सतनाम क्लब की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए चंडीगढ़ क्लब को 3-1 से हराकर वालीबाल कप पर कब्जा जमाया।
प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों के मुकाबले सुबह करीब 9 बजे शुरू हुए, जो देर रात 1 बजे तक जारी रहे। इस दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे वालीबाल प्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और शानदार खेल प्रदर्शन पर जमकर तालियां बजाईं। गांव में पूरे दिन खेल उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
फोटो कैप्शन : गांव पिपलीवाल में आयोजित प्रदेश स्तरीय वालीबाल कप के दौरान प्रबंधक रेफरियों का सम्मान करते हुए।
