प्रदेश सरकार अवैध खनन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी : अवैध खनन पर सख्ती से निपटें अधिकारी : हर्षवर्धन चौहान

by
ऊना, 2 अगस्त. उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अधिकारियों को अवैध खनन के खिलाफ कड़े कदम उठाने के निर्देश हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अवैध खनन को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी। इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिससे प्रदेश में अवैध खनन पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।
उद्योग मंत्री ऊना जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने की रणनीति पर चर्चा के लिए शुक्रवार को डीआरडीए सभागार में आयोजित जिला अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, खनन विभाग समेत सभी संबंधित विभागों को अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। सभी अधिकारी इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। बैठक में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए त्वरित उपायों और दीर्घकालिक योजनाओं पर भी चर्चा की गई। चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू भी बैठक में उपस्थित थे।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में अवैध खनन पर नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए हर जिले में निगरानी बढ़ाई गई है और विशेषकर सीमांत जिलों में अवैध खनन गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए विशेष फोकस के साथ काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऊना में अवैध खनन गतिविधियों की जांच और रोकथाम के लिए समर्पित पुलिस रिजर्व बल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस महानिदेशक से बात करेंगे। उन्होंने खनन विभाग के अधिकारियों को विधानसभा क्षेत्रवार जेसीबी मशीनों और उनके ऑपरेटरों की संख्या का ब्योरा जुटाने के निर्देश दिए । उन्होंने फर्जी एम-फॉर्म के मामलों में उचित जांच पर भी जोर दिया ।
रॉयल्टी एकत्रण मॉडल के अध्ययन के लिए बनाई कमेटी :   उद्योग मंत्री ने खनन पट्टों और सरकारी रॉयल्टी में विसंगतियों को दूर करने के लिए खुली बोली के माध्यम से निजी एजेंसी को वैध खनन के लिए रॉयल्टी एकत्रण सुनिश्चित बनाने का जिम्मा सौंपने के मॉडल का अध्ययन करने के लिए ऊना में एक समिति के गठन का निर्देश दिया। इस समिति में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीएम और खनन विभाग के अधिकारी शामिल होंगे। समिति निजी एजेंसी को वैध खनन के लिए रॉयल्टी एकत्रण सुनिश्चित करने का जिम्मा सौंपने के मॉडल की व्यवहार्यता का अध्ययन करेगी। यह उन राज्यों का गहन अध्ययन करेगी जहां ऐसी प्रणाली मौजूद है और एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट उद्योग मंत्री को सौंपेगी।
डीसी हर तीन महीने में करेंगे अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक : 
                        मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने खनन विभाग को मांग और डीसी के परामर्श के अनुसार चेक पोस्ट स्थापित करने के भी निर्देश दिए। डीसी हर तीन महीने में खनन पर एक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक करेंगे। उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिया कि वे अगली बैठक में जिले के सभी खनन पट्टाधारकों और क्रशर मालिकों को बुलाएं और उन्हें अवैध खनन से दूर रहने की सख्त चेतावनी दें।
बैठक में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन बबलू ने अवैध खनन रोकने को लेकर बहुमूल्य सुझाव दिए। उन्होंने खनन माल की ओवरलोडिंग के कारण सड़कों को होने वाले नुकसान को रेखांकित किया और अधिकारियों से ओवरलोडिंग के मामलों में किए गए चालानों का ब्योरा मांगा। उन्होंने क्रशरों पर डंप माल की फिजिकल वेरिफिकेशन करने तथा खनन की पाबंदी अवधि में भी खनन होने के मामलों पर अंकुश लगाने पर जोर दिया।
                               उपायुक्त जतिन लाल ने आश्वासन दिया कि मंत्री के सभी निर्देशों का पूर्णतः क्रियान्वयन किया जाएगा। उन्होंने ऊना जिले को अवैध खनन से मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक में पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने अवैध खनन रोकने में पुलिस द्वारा उठाए कदमों का विस्तृत ब्यौरा दिया।
माइनिंग अधिकारी नीरज कांत ने खनन की वस्तुस्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग ने जिले में 72 माइनिंग लीज प्रदान की हैं और पिछले वित्त वर्ष में माइनिंग से करीब 50 करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित हुआ है। उन्होंने अवैध खनन रोकने के लिए विभाग द्वारा की गई कार्रवाई से भी अवगत कराया।
बैठक में राज्य जियोलॉजिस्ट संजीव शर्मा, एसडीएम ऊना विश्व मोहन देव चौहान, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, एसडीएम हरोली राजीव ठाकुर, एसडीएम अंब विवेक महाजन, एसडीपीओ डॉ. वसुदा सूद, एसडीपीओ हरोली मोहन रावत, डीएसपी ऊना अजय ठाकुर, आरटीओ ऊना अशोक कुमार, जिला रोजगार अधिकारी अक्षय शर्मा, श्रम कल्याण अधिकारी अमन शर्मा, श्रम अधिकारी रणबीर सिंह, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग ऊना नरेश धीमान, रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर ऊना राहुल ठाकुर सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

हरियाणा में जली मिली MBBS डॉक्टर -राजस्थान से एग्जाम देने गई थी दिल्ली : अस्पताल में भर्ती कराने आए युवक के रूम से मिला पेट्रोल

राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिला क्षेत्र के गांव अनंतपुरा निवासी युवा डॉ. भावना यादव की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. भावना हरियाणा के हिसार में जलने से बुरी तरह झुलस गई थीं। इलाज...
article-image
दिल्ली , पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

रात में भेजा पूर्व सांसद ने महिला नेत्री को अश्लील मैसेज : CPI(M) ने वंशगोपाल चौधरी को पार्टी से किया बाहर : वाट्सऐप स्क्रीनशॉट हुआ वायरल

नई दिल्ली । पश्चिम बंगाल में CPI (M) नेता और पूर्व सांसद वंशगोपाल चौधरी को उनकी पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है और उन्हें संस्पेंड कर दिया है। एक महिला नेत्री ने...
हिमाचल प्रदेश

पहले चरण में बचे हुए स्वास्थ्य कर्मियों को 26 फरवरी को दी जाएगी कोविड वैक्सीन

कोविड वायरस से बचने के लिए वैक्सीन की दोनों डोज़ लेना आवश्यक ऊना (24 फरवरी)- पहले चरण में बचे हुए स्वास्थ्य कर्मियों को 26 फरवरी के दिन कोविड वैक्सीन दी जाएगी। इस संबंध में...
article-image
हिमाचल प्रदेश

क्योरटेक ग्रुप के युवा एमडी सुमित सिंगला को 20वें इंटरनेशनल समिट एंड अवॉर्ड सेरेमनी के अंतर्गत वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूके (लंदन) द्वारा काठमांडू, नेपाल में अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाज़ा गया

बीबीएन, 03 मई : बद्दी की क्योरटेक ग्रुप के युवा प्रबंध निदेशक (एमडी) सुमित सिंगला को 20वें इंटरनेशनल समिट एंड अवॉर्ड सेरेमनी के अंतर्गत वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, यूके (लंदन) द्वारा काठमांडू, नेपाल में...
Translate »
error: Content is protected !!