बीबीएन, 2 फरवरी (तारा) : बद्दी विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज ने ओम इंस्टिट्यूट ऑफ लॉजिस्टिक्स एंड सप्लाई चेन मैनेजमेंट के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। यह संस्थान ओम लॉजिस्टिक्स लिमिटेड की सहायक इकाई है। इस समझौते के तहत एमबीए और बीबीए के विद्यार्थियों के लिए लॉजिस्टिक्स प्रबंधन से जुड़ा विशेष पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा।
ओम लॉजिस्टिक्स लिमिटेड देश की एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स कंपनी है, जिसका वार्षिक कारोबार लगभग 2300 करोड़ रुपये है और देशभर में इसकी 750 से अधिक शाखाएं कार्यरत हैं।
समझौता हस्ताक्षर कार्यक्रम में स्कूल ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज के डीन प्रोफेसर (डॉ.) अरुण कांत पैनोली, बद्दी विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर (डॉ.) खुशमीत कुमार, ओम लॉजिस्टिक्स के मानव संसाधन प्रबंधक हिमांशु अग्रवाल तथा मानव संसाधन अधिकारी चिराग उपस्थित रहे। यह समझौता तीन वर्षों की अवधि के लिए किया गया है।
इस समझौते का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा शिक्षण के साथ-साथ उद्योग से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। इससे छात्रों को लॉजिस्टिक्स एवं आपूर्ति शृंखला प्रबंधन के क्षेत्र में बेहतर समझ विकसित होगी और भविष्य में रोजगार के अच्छे अवसर मिल सकेंगे।
