घास काटने को लेकर भी हुआ था विवाद; पुलिस को शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एएम नाथ। मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के द्रंग विधानसभा क्षेत्र की टांडू पंचायत के चौहट्टा गांव में पारिवारिक विवाद के बाद 75 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान शेर सिंह पुत्र भगत राम के रूप में हुई है, जो निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त थे। परिजनों ने उनकी बहन, भतीजे और बहू पर पत्थर मारने के आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस को शुरुआती जांच के दौरान उनके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
जमीन को लेकर चल रहा था विवाद
जानकारी के अनुसार, शेर सिंह का अपनी बहन और सगे भतीजे के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, इस मामले में परिवार के बीच अक्सर बहसबाजी और कहासुनी होती रहती थी। रविवार को घास काटने और जमीन से जुड़े मामले को लेकर फिर विवाद होने की बात सामने आई है।
आरोप है कि इसी दौरान शेर सिंह पर पत्थर फेंके गए। बाद में वह घर में अचेत अवस्था में मिले। परिजनों ने उन्हें देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। हालांकि, पत्थर मारने के आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
सूचना मिलने पर डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और मृतक के शरीर की जांच की। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले। पुलिस हृदयाघात की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल मंडी भेज दिया है। मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
