लोक निर्माण मंत्री ने रोहड़ू मेले के समापन समारोह में की शिरकत : रोहड़ू-चिड़गांव सड़क के उन्नयन कार्य पर लगभग 20 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे- विक्रमादित्य सिंह

by
एएम नाथ। शिमला : लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज पांच दिवसीय राज्य स्तरीय रोहड़ू मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने जनसमूह को संबोधित करते हुए क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण और सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता है तथा इस दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि पिछले 2-3 वर्षों में आई आपदा के कारण सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है, लेकिन उनके पुनर्निर्माण और सुधार के प्रयास तेजी से जारी हैं। साथ ही बागवानों और किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के लिए भी सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि केंद्र सरकार द्वारा आरडीजी में कटौती से प्रदेश को आर्थिक नुकसान हुआ है, फिर भी राज्य सरकार विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने जानकारी दी कि रोहड़ू-चिड़गांव सड़क के उन्नयन कार्य पर लगभग 20 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, दुर्गम क्षेत्र डोडरा-क्वार के अंतिम गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने के प्रयास जारी हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत प्रदेश में लगभग 1500 किलोमीटर सड़कों के निर्माण को स्वीकृति मिली है, जिसपर करीब 2300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें रोहड़ू क्षेत्र की 22 सड़कें शामिल हैं, जिन पर लगभग 300 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे।
मंत्री ने बताया कि ब्रांदली से सुंगरी तक सड़क को पक्का किया जा रहा है, जबकि सुंगरी से रोहड़ू सड़क के उन्नयन के लिए विशेष पैकेज स्वीकृत करवाने के प्रयास जारी हैं। इसके अलावा रोहड़ू-रामपुर सड़क के सुधार के लिए भी कार्य योजनाएं तैयार की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत ठेकेदारों के लंबित भुगतान को शीघ्र जारी किया जाएगा, जिससे निर्माण कार्यों में तेजी आएगी।
शहरी विकास के संदर्भ में उन्होंने बताया कि रोहड़ू क्षेत्र में सौंदर्यीकरण, पार्किंग तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए परियोजनाएं तैयार की जा रही हैं। केंद्रीय स्तर पर प्रस्तावित परियोजनाओं में रोहड़ू से संबंधित कई योजनाएं शामिल हैं। साथ ही क्षेत्र में हाइड्रोलिक पार्किंग स्थापित करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
***स्मारिका का किया विमोचन, खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया सम्मानित
इस अवसर पर मंत्री ने मेले की स्मारिका का विमोचन किया। मेले के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
इसके अतिरिक्त विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। रस्साकशी प्रतियोगिता में महिला मंडल भमानी लिमडा ने प्रथम, महिला मंडल ओडा बस्ती कलोटी ने द्वितीय तथा महिला मंडल टिक्कर डीसवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कबड्डी प्रतियोगिता में लक्ष्मी टाइटंस जुब्बल प्रथम तथा क्रिसमेटिक छूवारा द्वितीय स्थान पर रहे।
मंत्री ने नशा विरोधी अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए रोहड़ू की संगीता खुराना को भी सम्मानित किया।
***रोहड़ू विस क्षेत्र के विकास कार्यों को निरंतर मिल रही गति – मोहन लाल ब्राक्टा
इस अवसर पर रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को निरंतर गति प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे।
उन्होंने मुख्य अतिथि को शॉल, टोपी एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय रोहड़ू मेला समिति के अध्यक्ष एवं उपमंडलाधिकारी (नागरिक) रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा ने भी मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा मेले के दौरान आयोजित गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष शिवपाल ठाकुर, मेला समिति के सदस्यगण, मंदिर समिति के सदस्यगण, अन्य गणमान्य अतिथि, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

मनोनीत चार-चार पार्षदों को एसडीएम डाॅ निधि पटेल ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई

मनोनीत पार्षदों को दिलाई पद व गोपनीयता की शपथ ऊना 5 मार्च – नगर परिषद संतोषगढ़ और मैहतपुर-बसदेहड़ा में आज मनोनीत चार-चार पार्षदों को एसडीएम डाॅ निधि पटेल ने पद और गोपनीयता की शपथ...
article-image
समाचार , हिमाचल प्रदेश

वाल्मीकि सभा ने निकाली शोभा यात्रा, सीपीएस किशोरी लाल ने की शिरकत

कांगड़ा 27 अक्तूबर। मुख्य संसदीय सचिव कृषि, पशुपालन ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज किशोरी लाल शुक्रवार को वाल्मीकि सभा कांगड़ा द्वारा आयोजित बाल्मीकि प्रकटोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे। यहां पहुंचने पर सीपीएस...
article-image
हिमाचल प्रदेश

*प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री एक्सीलेंस अवार्ड की शुरुआत : आइए जानें कौन हैं डॉ. सिम्मी अग्निहोत्री, जिनके नाम पर हुई अवॉर्ड की पहल*

रोहित जसवाल।  ऊना, 15 जून : शिक्षा क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री फाउंडेशन ने प्रोफेसर सिम्मी के नाम पर एक्सीलेंस अवार्ड की शुरुआत की है। इसके पहले संस्करण में...
article-image
हिमाचल प्रदेश

हिमाचल में ग्रुप-C और D कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक हटी, 31 मार्च 2026 तक मिलेगी मंजूरी

एएम नाथ। शिमला : हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के ग्रुप-C और ग्रुप-D कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत का ऐलान किया है। सरकार ने इन श्रेणियों के कर्मचारियों के सामान्य तबादलों पर लगी रोक...
Translate »
error: Content is protected !!