सुक्खू सरकार के खिलाफ भाजपा का जनआंदोलन करने का ऐलान : साढ़े तीन साल के कार्यकाल की बनेगी चार्जशीट

by

एएम नाथ । शिमला : हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने कांग्रेस की सुक्खू सरकार के खिलाफ प्रदेशभर में जनआंदोलन चलाने का फैसला किया है। पार्टी का कहना है कि सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल की चार्जशीट तैयार कर उसे जनता के बीच ले जाया जाएगा।

भाजपा ने हाल ही में हुए पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकाय चुनावों के नतीजों को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का जनादेश बताया है। मंगलवार को शिमला के चक्कर स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय दीपकमल में पार्टी के प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार सहित कोर ग्रुप के सदस्य मौजूद रहे।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कोर ग्रुप ने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, हाल में हुए पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों के परिणाम तथा पार्टी की आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनावों में समर्थन देने के लिए प्रदेश की जनता का आभार जताया है। डॉ. बिंदल ने दावा किया कि चुनाव परिणामों से साफ है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार के साढ़े तीन साल के कामकाज से निराश है और उसने जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना मत दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कांग्रेस सरकार ने चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने और चुनाव टालने की कोशिश की, लेकिन न्यायपालिका के हस्तक्षेप के बाद चुनाव कराए गए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 12 जिला परिषदों में से अब तक केवल छह में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव हो सका है। उनके अनुसार, इन सभी छह जिला परिषदों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि पांच जिला परिषदों में कांग्रेस अपने उम्मीदवार तक नहीं उतार सकी।

डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले हमीरपुर में भी भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को समर्थन मिला। उन्होंने यह भी कहा कि चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा ने मेयर और डिप्टी मेयर के पद जीते हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, अधूरी गारंटियों और प्रशासनिक विफलताओं के खिलाफ प्रदेशव्यापी जनआंदोलन चलाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि सरकार के साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल की विस्तृत चार्जशीट तैयार कर उसे गांव-गांव और शहर-शहर जनता के बीच ले जाया जाएगा। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और बागवानों से कई वादे किए थे, लेकिन उनमें से अधिकांश पूरे नहीं हुए। उन्होंने दावा किया कि गरीबों का राशन महंगा हुआ, विकास कार्य प्रभावित हुए, कानून व्यवस्था कमजोर हुई, भ्रष्टाचार बढ़ा और प्रदेश में विभिन्न प्रकार के माफिया सक्रिय हुए हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के वर्ष 2027 में कांग्रेस की दोबारा सरकार बनने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि हाल के स्थानीय निकाय चुनावों में जनता ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और विधानसभा चुनाव में भी वही मतदाता फैसला करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की चुनावी गारंटियां पूरी नहीं हुईं और जनता सरकार की कथनी और करनी का अंतर समझ चुकी है। राम मंदिर के मुद्दे पर मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं के बयानों का जवाब देते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा से किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है, क्योंकि जनता पहले ही उसे अपना प्रमाणपत्र दे चुकी है।

 

 

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

बिंद्रावन में 1 करोड़ से बनेगी कृत्रिम झील – मल निकासी तथा पेयजल पर व्यय होंगे 135 करोड़ : आशीष बुटेल*

बुटेल ने पालमपुर में सम्मानित किये सफाई साथी, कचरा निष्पादन के लिये लगेगी आईनाइज़ड मशीन एएम नाथ।  पालमपुर, 23 अक्तूबर :- नगर निगम पालमपुर एवं हिलदारी के संयुक्त तत्वाधान में वेस्ट टू वेल्थ प्रदर्शनी...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

प्रदेश की सर्पीली सड़कों पर जल्द दौड़ेंगी नई इलेक्ट्रिक बसें : मुकेश अग्निहोत्री

कहा, चार नए ई-डिपो जल्द होंगे शुरू एएम नाथ। शिमला : उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा है कि प्रदेश में शीघ्र ही नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों के...
article-image
हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू : कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए प्रचारकों में शामिल

शिमला : कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को कांग्रेस का स्टार प्रचारक बनाया गया है। कांग्रेस दुआरा जारी की पार्टी के 40 स्टार प्रचारकों की सूची में मुख्यमंत्री खविंद्र सिंह...
हिमाचल प्रदेश

सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों से पुनर्नियोजन के लिए आवेदन आमंत्रित

आवेदन की अंतिम तिथि 19 जनवरी 2026 सांय 5 बजे तक एएम नाथ। चम्बा : जिला चंबा में सेवानिवृत्त राजस्व अधिकारियों से पुनर्नियोजन के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं, आवेदन की अंतिम तिथि...
Translate »
error: Content is protected !!