होशियारपुर में शहीद उधम सिंह के नाम पर बनेगा मेडिकल कॉलेज : कपूरथला और होशियारपुर का दौरा कर मेडिकल कॉलेजों वाले स्थानों का निरीक्षण किया :

by

कपूरथला/होशियारपुर, 27 नवंबर: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज राज्य को दुनिया भर में ‘चिकित्सा शिक्षा’ के केंद्र के रूप में उभारने के लिए अपनी सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया। कपूरथला में बनने वाले मेडिकल कॉलेज की जगह का निरीक्षण करने आए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज का नाम पहले गुरू श्री गुरु नानक देव जी के नाम पर रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज की जगह और रूप-रेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है और इस प्रतिष्ठित प्रोजैक्ट पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। भगवंत मान ने बताया कि मेडिकल कॉलेज 20 एकड़ क्षेत्रफल में बनेगा और इस प्रोजैक्ट पर कुल 428.69 करोड़ रुपए की लागत आएगी।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद ज़ाहिर की कि नया मेडिकल कॉलेज इलाज और जाँच सुविधाओं को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज में अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी आएंगे, इसलिए 300 बिस्तरों वाले अति- आधुनिक सिविल अस्पताल के अलावा कॉलेज के साथ 10-12 मंजिलों वाले अति-आधुनिक होस्टल का भी निर्माण किया जाएगा। भगवंत मान ने कहा कि यह कॉलेज स्थानीय युवाओं के लिए रोजग़ार के नए रास्ते खोलेगा।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब में मेडिकल शिक्षा के प्रसार के लिए राज्य सरकार ने आने वाले पाँच सालों में 16 नए मेडिकल कॉलेज बनाने का फ़ैसला लिया है, जिससे राज्य में मेडिकल कॉलेजों की कुल संख्या 25 हो जाएगी। इससे यह सुनिश्चित बनाया जाएगा कि राज्य के हरेक जिले में एक मेडिकल कॉलेज स्थापित हो। उन्होंने कहा कि संगरूर के मस्तूआना साहिब में संत अतर सिंह स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसज़ का नींव पत्थर उनके द्वारा पहले ही रखा जा चुका है। भगवंत मान ने आगे कहा कि कपूरथला और होशियारपुर में दो और मेडिकल कॉलेजों का काम भी जल्द ही शुरू हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद ज़ाहिर की कि चिकित्सा शिक्षा हासिल करने के इच्छुक विद्यार्थियों को अब युक्रेन जैसे देशों में नहीं जाना पड़ेगा, क्योंकि इन मेडिकल कॉलेजों में उनको मानक चिकित्सा संबंधी शिक्षा मुहैया करवाई जाएगी। भगवंत मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने इस तरफ़ कोई ध्यान नहीं दिया परन्तु उनकी सरकार इस तरफ़ विशेष तौर पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और साफ़ पानी उनकी सरकार के प्रमुख प्राथमिक क्षेत्र हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लोगों के सहयोग से राज्य सरकार ने कई लोक-हितैषी पहलें की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लोगों को हरेक बिल पर 600 यूनिट मुफ़्त बिजली मुहैया करवाई जा रही है और राज्य में पहली बार 86 प्रतिशत घरों को बिजली का ज़ीरो बिल आया है। भगवंत मान ने ज़ोर देकर कहा कि आने वाले महीनों में 95 प्रतिशत से अधिक घरों को मुफ़्त बिजली का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य सरकार पंजाब में सख़्त मेहनत कर हासिल की गई अमन-शांति को बरकरार रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में गन कल्चर के प्रभाव को ख़त्म करने के लिए पहले ही सख़्त प्रयास किए जा रहे हैं। भगवंत मान ने कहा कि अधिकारियों को हिदायत की गई है कि राज्य की अमन- शांति को भंग करने के मनोरथ से नफऱत भरे भाषण देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा ना जाए।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार द्वारा खोले गए आम आदमी क्लीनिकों को लोगों द्वारा भरपूर स्वीकृति मिल रही है। उन्होंने कहा कि यह क्लीनिक लोगों को मानक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सहायक सिद्ध हो रहे हैं और आने वाले दिनों में ऐसे और क्लीनिक खोले जाएंगे। भगवंत मान ने कहा कि यह बड़े गर्व और तसल्ली वाली बात है कि भारत सरकार ने भी लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने में इन क्लीनिकों की भूमिका की सराहना की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सत्ता संभालने से लेकर अब तक योग्य नौजवानों को लगभग 21,000 सरकारी नौकरियाँ दी हैं। उन्होंने कहा कि और भी कई भर्तियाँ प्रक्रिया अधीन हैं और सभी सरकारी विभागों में स्टाफ की कमी को जल्द ही दूर किया जाएगा। भगवंत मान ने स्पष्ट रूप से कहा कि राज्य में सरकारी भर्ती के लिए केवल मैरिट ही एकमात्र मापदंड है।
बाद में मुख्यमंत्री ने होशियारपुर में महान शहीद शहीद उधम सिंह के नाम पर बनाए जाने वाले मेडिकल कॉलेज की जगह का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज लगभग 23 एकड़ क्षेत्रफल में बनेगा और इस प्रोजैक्ट की कुल लागत 418.3 करोड़ रुपए होगी। भगवंत मान ने कहा कि इस कॉलेज की जगह पर रूप- रेखा को अंतिम रूप दे दिया गया है और इस प्रोजैक्ट पर जल्द ही काम शुरू हो जाएगा।
इस मौके पर डिप्टी स्पीकर जय कृष्ण सिंह रौढ़ी , मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए. वेणु प्रसाद और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

शहीद-ए-आज़म स.भगत सिंह फुटबॉल क्लब द्वारा 16वें फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज

टूर्नामेंट के दूसरे दिन पूर्व विधायक सुरिंदर सिंह भुलेवाल राठां और अर्जुन पुरस्कार विजेता फुटबॉलर गुरदेव सिंह गिल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की भाजपा हल्का इंचार्ज निमिषा मेहता ने टूर्नामेंट का...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

दो आतंकी पंजाब के सीमावर्ती गावों में घुसे : बंदूक दिखाकर धमका डिनर बनाने को कहा – पुलिस ने किया हाई एलर्ट जारी

गुरुदासपुर :   भारत और पाकिस्तान सीमा से लगे गांवों में आतंकवादी घूम रहे हैं। गांव वालों ने वहां की पुलिस को इन आतंकियों के बारे में जानकारी दी है। इसके साथ ही ये भी...
article-image
पंजाब

नेशनल प्रोग्राम ‘कायाकल्प’ में सिविल हस्पताल गढ़शंकर ने प्रदेश में 8वां स्थान हासिल किया

अस्पताल को मिला एक लाख रुपए का इनाम गढ़शंकर : नेशनल प्रोग्राम ‘कायाकल्प’ 2021-22 के अधीन करवाए गए सर्वेक्षण के दौरान सिविल हॉस्पिटल गढ़शंकर ने बढ़िया कारगुजारी तथा साफ सफाई में प्रदेश में से...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

माता चिंतपूर्णी दरबार में चढ़ा तीन दिनों में 25 लाख 98 हजार चढ़ावा

चिंतपूर्णी। हिमाचल के ऊना स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में रोजाना हजारों श्रद्धालु नतमस्तक होते हैं। गर्मियों के मौसम में श्रद्धालुओं की तादाद ज्यादा होती है, जबकि सर्दियों में श्रद्धालुओं की...
Translate »
error: Content is protected !!