अमृतसर। अमेरिका भेजने और वहां नौकरी दिलाने का झांसा देकर 45 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में पुलिस ने होशियारपुर के एक एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान तेजिंदर सिंह निवासी वार्ड नंबर छह, पुरहीरां, होशियारपुर के रूप में हुई है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस को दी शिकायत में निशान सिंह निवासी गांव धर्मचूक ने बताया कि कुछ महीने पहले उसकी मुलाकात तेजिंदर सिंह से हुई थी। आरोपी ने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला एजेंट बताते हुए उसे अमेरिका भेजने और वहां सेटल करवाने का भरोसा दिया। उसकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने अमेरिका जाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए हामी भर दी।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग समय पर उससे कुल 45 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बावजूद न तो उसे अमेरिका भेजने की कोई कार्रवाई की गई और न ही नौकरी लगवाने का वादा पूरा हुआ। कई महीने इंतजार करने के बाद जब शिकायतकर्ता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसे लौटाने से भी इनकार कर दिया।
एसपी-डी की जांच के बाद दर्ज हुआ मामला
शिकायत मिलने के बाद एसपी-डी (अमृतसर देहाती) की ओर से मामले की जांच की गई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस ने तेजिंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अभी फरार है और उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
