एएम नाथ। बैजनाथ, 16 मार्च : आयुष विभाग हिमाचल प्रदेश उपमंडल बैजनाथ राष्ट्रीय आयुष मिशन के सौजन्य से सोमवार को ग्राम पंचायत माधोनगर के उतराला में आयुष ग्राम परियोजना के अंतर्गत “स्वस्थ ग्राम–समृद्ध ग्राम” कार्यक्रम एवं आयुष मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर आयुष विभाग द्वारा आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

मुख्य अतिथि विधायक किशोरी लाल ने अपने संबोधन में कहा कि आयुष पद्धति भारत की प्राचीन एवं समृद्ध चिकित्सा प्रणाली है जो न केवल रोगों के उपचार में सहायक है बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए भी प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा को अपनी दिनचर्या में शामिल कर अनेक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जिया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि लोगों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि इससे लोगों में आयुर्वेद और योग के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा लोग इन्हें अपनी दैनिक जीवनशैली में अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं।

विधायक ने कहा कि आयुर्वेद प्राचीन चिकित्सा पद्धति होने के साथ-साथ प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की सीख भी देती है। उन्होंने लोगों से जैविक एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को अपनी दिनचर्या में अपनाने का आह्वान किया ताकि शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग द्वारा विभिन्न विषयों पर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इसमें एंटी-नेटल एवं पोस्ट-नेटल देखभाल, गर्भ संस्कार एवं स्वर्ण प्राशन, आयुर्वेद परिचर्चा, योग जागरूकता गतिविधियां, संक्रामक रोगों से बचाव, आयुर्वेदिक आहार, घरेलू उपचार तथा औषधीय पेय पदार्थों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर, योग जागरूकता शिविर तथा आयुष मेले का भी आयोजन किया गया। आयुष मेले में जड़ी-बूटियों की प्रदर्शनी लगाई गई जिसमें विभिन्न औषधीय पौधों के महत्व, उपयोग एवं संरक्षण के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान विधायक किशोरी लाल ने आयुष विभाग बैजनाथ द्वारा प्रकाशित “आयुर्वेद संक्षिप्त परिचय” पत्रिका का विमोचन किया व लोगों को औषधीय पौधे वितरित कर अपने घरों में औषधीय पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। शिविर में रक्तचाप,शुगर, आंख, कान, नाक, हीमोग्लोबिन तथा बाल रोग सहित अन्य जांचें की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।

इस अवसर पर एस डी ए एम ओ बैजनाथ डॉ. सुनील कुमार, डॉ. मनमीत, डॉ. सुभीता जग्गी, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. महेश गुलेरिया, डॉ. संजय कुमार, डॉ. हरीश, मिलाप भट्ट एवं महिंद्र डोहरी सहित आयुष विभाग के कर्मचारी तथा क्षेत्र के ग्रामीण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
