ऊना में 7 सितंबर को होगी ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’, मुख्यमंत्री सुक्खू करेंगे नेतृत्व

by

रोहित जसवाल।  ऊना, 18 अगस्त। हिमाचल प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत 7 सितंबर को ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री सुक्खू इंदिरा स्टेडियम ऊना से वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ इसमें शामिल होंगे।

वॉकाथॉन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने जिला परिषद सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आयोजन से जुड़ी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।

इंदिरा स्टेडियम से शुरू होगी वॉकाथॉन

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 7 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री इंदिरा स्टेडियम से ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को रवाना करेंगे। वॉकाथॉन इंदिरा स्टेडियम से शुरू होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी।

मुख्यमंत्री इस दौरान युवाओं और उपस्थित जनसमूह को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की ‘एंटी-चिट्टा शपथ’ भी दिलाएंगे। इसके साथ ही वे युवाओं से संवाद कर नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों का संदेश देंगे।

विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी पर जोर

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि वॉकाथॉन में कक्षा नौवीं से लेकर कॉलेज के अंतिम वर्ष तक के विद्यार्थियों को मुख्य लक्षित समूह के रूप में शामिल किया जा रहा है। संबंधित शिक्षण संस्थानों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि नशे के दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

मुख्यमंत्री के आगमन से पहले इंदिरा स्टेडियम में पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ पाइनस’ के कलाकार गीत-संगीत के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।

अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां

वॉकाथॉन के सफल आयोजन के लिए विभिन्न अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अतिरिक्त उपायुक्त ऊना इशांत जसवाल को आयोजन का ओवरऑल नोडल अधिकारी बनाया गया है।

संबंधित उपमंडलों के एसडीएम और डीएसपी अपने-अपने क्षेत्रों से विद्यार्थियों के आवागमन और समन्वय की जिम्मेदारी संभालेंगे। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी को इंदिरा स्टेडियम में विद्यार्थियों के प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है।

विभिन्न उपमंडलों से आने वाली बसों के रूट और मूवमेंट के समन्वय के लिए जिला पंचायत अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पीओ डीआरडीए को विद्यार्थियों के खान-पान और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था का समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नगर निगम ऊना आयोजन स्थल की सजावट, साफ-सफाई और शहर में स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। आयोजन के लिए उद्योग जगत से भी आवश्यक सहयोग लिया जाएगा।

पेयजल, स्वास्थ्य और शौचालय की व्यवस्था

उपायुक्त ने आयोजन स्थल पर पर्याप्त पेयजल और शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को आयोजन स्थल पर हेल्थ पोस्ट स्थापित करने और वॉकाथॉन के दौरान एंबुलेंस उपलब्ध रखने को कहा गया है।

उन्होंने आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के खान-पान सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था संभालेगी पुलिस

वॉकाथॉन के दौरान यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रस्तावित रूट पर ट्रैफिक प्रबंधन, पार्किंग और प्रतिभागियों की सुचारू आवाजाही के लिए पहले से योजना तैयार करने को कहा गया है।

पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बैठक में यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर सुझाव दिए। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री पुलिस मुख्यालय से प्राप्त होगी, जिसे व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाएगा।

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ को व्यापक जन-जागरूकता अभियान का रूप देने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। उन्होंने आयोजन को प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने के साथ युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में सहायक आयुक्त विनय मोदी, एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, एसडीएम गगरेट सोमिल गौतम, नगर निगम ऊना आयुक्त पृथ्वी पाल सिंह, कमांडेंट गृह रक्षक हितेश लखनपाल, डीएसपी मोहन रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके वर्मा, एमएस डॉ. संजय गुलेरिया, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
हिमाचल प्रदेश

राष्ट्रीय कला उत्सव-2021 का ऑनलाइन आयोजन

ऊना – राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) द्वारा राष्ट्रीय कला उत्सव 2021 का वैश्विक महामारी के चलते हुए ऑनलाइन आयोजन 11 से 22 जनवरी, 2021 तक करवाया जा रहा है। इस...
article-image
हिमाचल प्रदेश

भविष्योन्मुखी शिक्षा प्रदान करने की दिशा में कार्यरत प्रदेश सरकार – संजय अवस्थी

2.25 करोड़ रुपए की सिंचाई योजना का कार्य शीघ्र होगा आरम्भ अर्की : मुख्य संसदीय सचिव (लोक निर्माण, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग) संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश...
article-image
हिमाचल प्रदेश

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्वाचन की अधिसूचना जारी

एएम नाथ। शिमला : हिमाचल प्रदेश विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों द्वारा राज्यसभा के लिए सदस्य का निर्वाचन किया जाना है। इस संबंध में रिटर्निंग ऑफिसर (सचिव, हि.प्र. विधानसभा) द्वारा ‘निर्वाचन की सूचना’ (Form-1) जारी...
article-image
दिल्ली , पंजाब , राष्ट्रीय , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

क्लीन चिट मिलने के बाद भी मिली निराशा, ‘इमरजेंसी’ में ये 3 सीन नहीं दिखा सकती कंगना

रोहित भदसाली । चंडीगढ़ : कंगना रनौत की फिल्म ‘इमरजेंसी’ जबरदस्त सुर्खियों में है। फिल्म को पहले सितंबर में रिलीज होना था मगर विवादों से घिरी फिल्म कई वजहों से पोस्टपोन हो गई। अब...
Translate »
error: Content is protected !!