सीमा की उपलब्धि दूरदराज क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत: मुकेश रेपसवाल
ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य के लिए उपायुक्त ने दी शुभकामनाएं
एएम नाथ। चंबा : जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश, प्रदेश और जिला चंबा का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी सीमा को उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर सीमा के परिवार के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।
उपायुक्त ने सीमा को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सीमा ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर पूरे जिला चंबा को गौरवान्वित किया है। विशेष रूप से जिले के दूरदराज क्षेत्र से निकलकर खेल जगत में अपनी पहचान बनाना उनकी प्रतिभा और मेहनत का परिचायक है।
मुकेश रेपसवाल ने कहा कि सीमा की उपलब्धि जिले के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सीमा की सफलता से अन्य युवा भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे।
इस दौरान उपायुक्त ने सीमा से उनकी खेल गतिविधियों, प्रशिक्षण, अभ्यास और दैनिक दिनचर्या के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सीमा के खेल करियर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए उन्हें भविष्य में निरंतर नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उपायुक्त ने सीमा को आगामी ओलंपिक सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रतिभावान खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अंजू कुमारी, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उपमंडल अधिकारी (ना.) चिराग शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रम जीत सिंह तथा उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन उपस्थित रहे।
