रोहतक। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में गिरफ्तार आरोपी को लेकर नया खुलासा हुआ है। आरोपी की पहचान रोहतक की अमृत कॉलोनी निवासी कोमल उर्फ कोबरा के रूप में हुई है। उसके परिजनों का दावा है कि वह पढ़ाई में होशियार है, दो बार कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की सीजीएल परीक्षा पास कर चुका है और फिलहाल यूपीएससी की तैयारी कर रहा था।
परिजनों के अनुसार, आरोपी दो सरकारी नौकरियां भी कर चुका है। उसका कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है और न ही वह किसी राजनीतिक पार्टी या आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ है। हालांकि, ये दावे परिवार की ओर से किए गए हैं।
6 नवंबर को विधायक जरनैल सिंह को दी गई थी धमकी
जानकारी के मुताबिक, 6 नवंबर को दिल्ली के तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह को फोन कर अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल के नाम पर 7 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
विधायक की शिकायत के बाद मोहाली में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पंजाब पुलिस ने जांच शुरू करते हुए 9 नवंबर की रात करीब 8 बजे रोहतक की अमृत कॉलोनी में कार्रवाई कर कोमल उर्फ कोबरा को गिरफ्तार कर लिया।
दो सरकारी नौकरियां कर चुका है आरोपी
आरोपी के भाई तिलक राज ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कोमल पढ़ाई में काफी अच्छा रहा है। वह दो बार सीजीएल परीक्षा पास कर चुका है और दो सरकारी नौकरियों में काम भी कर चुका है।
परिवार के मुताबिक, स्टाफ के साथ विवाद के चलते उसे पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। जवाब नहीं देने पर करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से हटा दिया गया था। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
परिजनों ने बताया कि कोबरा सांपों के प्रति लगाव होने के कारण वह कोबरा नाम से भी जाना जाता था।
परिवार ने उठाए गिरफ्तारी और केस दर्ज होने पर सवाल
कोमल की गिरफ्तारी के बाद उसके परिजनों ने पूरे मामले में साजिश की आशंका जताई है। भाई तिलक राज ने सवाल उठाया कि जब धमकी दिल्ली के विधायक को दी गई थी तो मामला दिल्ली की बजाय मोहाली में क्यों दर्ज किया गया?
परिवार ने फोन हैक होने या किसी साजिश के तहत कोमल को फंसाए जाने की आशंका भी व्यक्त की है। उनका कहना है कि कोमल का किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है और न ही उसका पहले कोई आपराधिक इतिहास रहा है।
परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। वहीं, धमकी देने के मामले में आरोपी की वास्तविक भूमिका और इसके पीछे के कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
