बिलासपुर के जिला स्पोर्ट्स हॉस्टल में सुबह 10 बजे से होगी चयन प्रक्रिया, 1 जनवरी 2009 या उसके बाद जन्मे खिलाड़ी ही ले सकेंगे हिस्सा
एएम नाथ। कुल्लू। आगामी खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए हिमाचल प्रदेश की अंडर-18 पुरुष कबड्डी टीम के चयन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से 22 नवंबर, 2026 को जिला स्पोर्ट्स हॉस्टल, बिलासपुर में चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल सुबह 10 बजे शुरू होंगे।
विभाग के अतिरिक्त निदेशक गौरव महाजन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, चयन प्रक्रिया में वही खिलाड़ी भाग लेने के पात्र होंगे, जिनका जन्म 1 जनवरी, 2009 या उसके बाद हुआ हो। निर्धारित आयु सीमा पूरी करने वाले इच्छुक खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए समय पर चयन केंद्र पहुंचना होगा।
ये दस्तावेज लाना अनिवार्य
ट्रायल में शामिल होने वाले खिलाड़ियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता (टीए) या दैनिक भत्ता (डीए) नहीं दिया जाएगा।
विभाग ने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि और समय पर सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचने की अपील की है।
