गढ़शंकर : रोजा पंज पीर स्थान के मुख्य सेवादार बाबा रघुभिंदर सिंह बिट्टू, प्रबंधक कमेटी गांव देनोवाल कलां, समूह नगर निवासियों और एनआरआई भाइयों के सहयोग से वार्षिक छिंज मेला एवं कबड्डी कप 15 अक्टूबर को आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा सेवादारों की विभिन्न ड्यूटियां लगाई गई हैं।
रोजा पंज पीर दरबार के मुख्य सेवादार बाबा रघुभिंदर सिंह बिट्टू और दलजीत सिंह बैंस ने बताया कि बंगा-गढ़शंकर रोड के नजदीक आयोजित होने वाले छिंज मेले और कबड्डी कप को लेकर क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। उन्होंने बताया कि छिंज मेले के अखाड़े में नामी पहलवान अंकित रौणी, मेजर डेरा बाबा नानक, पहलवान बाज रौणी और लाली फगवाड़ा सहित अन्य पहलवान कुश्ती के जौहर दिखाएंगे।
उन्होंने बताया कि कबड्डी कप में विभिन्न नामी टीमों के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले करवाए जाएंगे। छिंज की शुरुआत पुरातन परंपरा के अनुसार भगवान श्री कृष्ण महाराज जी और बाबा सिद्ध चानण जी के नाम की पहली कुश्ती से होगी। इस दौरान अन्य पारंपरिक खेल आयोजित नहीं किए जाएंगे।
आयोजकों के अनुसार इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का कबड्डी कप करवाया जा रहा है और खिलाड़ियों तथा पहलवानों को लाखों रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे। वहीं मेले में पहुंचने वाले दर्शकों के लिए बादाम वाले दूध और देसी घी से बनी जलेबियों का लंगर भी लगाया जाएगा।
इस मौके पर प्रबंधक कमेटी के सदस्य, सेवादार और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।
