तीसा में एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन को दिखाई हरी झंडी, विद्यार्थियों ने लिया नशे के खिलाफ जागरूकता का संकल्प
एएम नाथ। चंबा। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चिट्टा तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है और नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को जब्त किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने चंबा जिले के पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तीसा से एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए केवल सरकारी प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। प्रदेशभर में एंटी-चिट्टा रैलियों और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं तथा आम लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत करवाया जा रहा है। इन अभियानों का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की ओर प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवा स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
मुख्यमंत्री ने आम जनता से अपील की कि यदि उन्हें कहीं नशा तस्करी या नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी मिलती है तो वे पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर, प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट, कांग्रेस महासचिव यशवंत खन्ना सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
