एएम नाथ। चम्बा : चम्बा के चुराह उपमंडल में एक 20 वर्षीय विवाहिता के लापता होने का मामला सामने आया है। पति फारूख खान ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी 8 जनवरी, 2026 को सुबह राशन लेने झज्जाकोठी गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
फारूख खान ने बताया कि दोपहर के बाद जब उन्होंने अपनी पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसने फोन नहीं उठाया। शाम को पत्नी व्हाट्सएप पर ऑनलाइन थी, लेकिन उसने मैसेज में लिखा कि “मैं मर जाऊंगी”। इसके बाद जब फिर से बात हुई, तो उसने बताया कि वह देहरादून में है और उसके बाद फोन काट दिया। तब से उसका मोबाइल बंद आ रहा है।
परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारी और मायके में हर जगह तलाश की, लेकिन कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है और एस.पी. चम्बा विजय कुमार सकलानी ने इसकी पुष्टि की है।
