नशों से दूर रखने के लिए युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने की पहल
गढ़शंकर, 28 अक्टूबर। पंजाब सरकार के ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत एसडीएम गढ़शंकर संजीव कुमार के नेतृत्व में गांव देनोवाल खुर्द में रोजगार कैंप आयोजित किया गया। कैंप के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसरों, करियर काउंसलिंग और स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देकर नशों से दूर रहने तथा आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
कैंप में डीएसपी कमलजीत सिंह सहित ग्रामीण विकास कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग और खेल विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान युवाओं को जागरूक करने में सहयोग देने के लिए गांव के सरपंच का आभार भी व्यक्त किया गया।
जिला रोजगार अधिकारी रमनदीप कौर ने जिला रोजगार एवं कारोबार ब्यूरो, होशियारपुर की ओर से बेरोजगार युवाओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को करियर काउंसलिंग के माध्यम से भविष्य के लिए उचित दिशा चुनने और सरकारी नौकरियों से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में सहायता दी जाती है। इसके अलावा रोजगार कार्यालय का प्लेसमेंट सेल युवाओं को नौकरी के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि अपना कारोबार शुरू करने के इच्छुक युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाती है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें। उन्होंने रोजगार के अवसरों से जुड़कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के महत्व पर जोर दिया।
इस अवसर पर गांव के सरपंच, नंबरदार और पंचायत के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
