एएम नाथ। जसवां-प्रागपुर, 14 नवंबर। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार चुनाव के दौरान युवाओं को पांच लाख सरकारी नौकरियां देने की गारंटी देकर सत्ता में आई थी, लेकिन करीब चार साल बीतने के बावजूद सरकार एक लाख नौकरियां भी नहीं दे पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार के इंतजार में प्रदेश का युवा भटक रहा है, जबकि सरकार अपनी चुनावी गारंटी पर जवाब देने से बच रही है।
अनुराग ठाकुर जसवां-प्रागपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित युवा आक्रोश रैली को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान पूर्व उद्योग मंत्री एवं क्षेत्र के विधायक बिक्रम ठाकुर भी मौजूद रहे। रैली में अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के समय युवाओं को बड़े-बड़े सपने दिखाए थे। पांच लाख नौकरियों का वादा केवल चुनावी घोषणा नहीं था, बल्कि प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं और उनके परिवारों की उम्मीदों से जुड़ा हुआ था। इसके बावजूद सरकार अब तक अपने वादे को पूरा करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और स्टार्टअप के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। वहीं, हिमाचल की कांग्रेस सरकार रोजगार के मुद्दे पर केवल घोषणाएं और आश्वासन दे रही है।
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस की दस गारंटियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये देने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने और किसानों-बागवानों को राहत देने सहित कई वादों पर सरकार की स्थिति स्पष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि जसवां-प्रागपुर की युवा आक्रोश रैली प्रदेश के युवाओं की उस आवाज को सामने लाती है, जो सरकार से चुनावी वादों का हिसाब मांग रही है।
10 गारंटियों पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार : बिक्रम ठाकुर
विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि जसवां-प्रागपुर का युवा कांग्रेस सरकार से पूछ रहा है कि चुनाव के दौरान किए गए वादे आखिर कहां गए। उन्होंने कहा कि पांच लाख सरकारी नौकरियां देने की गारंटी के साथ सत्ता में आई कांग्रेस सरकार चार साल बाद भी रोजगार के मोर्चे पर अपनी उपलब्धियां गिनाने की स्थिति में नहीं है।
बिक्रम ठाकुर ने प्रदेश सरकार से मांग की कि वह अपनी सभी दस चुनावी गारंटियों पर श्वेत पत्र जारी करे और जनता को बताए कि अब तक कितने वादे पूरे किए गए हैं तथा कितने अधूरे पड़े हैं।
