बल्ह विधानसभा की ग्राम पंचायत सरध्वार में आयोजित किया गया सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम : जल शक्ति विभाग में 10 हजार भर्तियां होंगी -मुकेश अग्निहोत्री

by
सरध्वार पंचायत में खेल मैदान के लिए 10 लाख रुपये और पटवार खाना स्वीकृत
मंडी, 20 जनवरी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार बेरोजगार युवाओं को न्याय देने के लिए प्रतिबद्ध है। जल्द ही विभागों में नई भर्तियां की जाएंगी। अकेले जलशक्ति विभाग में ही 10 हजार लोग रखे जाएंगे। इससे गांव में जल शक्ति की हर स्कीम पर कर्मचारी उपलब्ध होगा।
मुकेश अग्निहोत्री मंडी जिला की बल्ह विधानसभा की ग्राम पंचायत सरध्वार के गांव घौड़ में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर लोगों की समस्याओं को सुना और उनका मौके पर निपटारा किया। उन्होंने सरध्वार पंचायत खेल मैदान के लिए 10 लाख रुपये और नया पटवार खाना खोलने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम अभी शुरुआती दौर में है। समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंच कर सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए इसे गति और सही आकार दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के निपटारे के लिए धरातल पर काम करने के निर्देश दिए।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बीते मानसून में प्रदेश में आई भयंकर आपदा में केंद्र सरकार से मदद नहीं मिली। केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेशवासियों की खबर नहीं ली। प्रदेश के भाजपा नेताओं ने दिल्ली जाकर हिमाचल के पैसे रोकने का काम किया। भाजपा नेता काम रोकने के लिए दिल्ली जाते हैं। आपदा राहत के लिए जब केन्द्र की सहायता के लिए विधानसभा के प्रस्ताव लाया गया तो भाजपा नेताओं ने विरोध किया। उनके द्वारा जलशक्ति विभाग की ही 3000 करोड़ की प्रोपोजल रोकी गई हैं। वाटर सैस लगाने का विरोध कर रहे है।। उतराखंड और जम्मु कश्मीर की सरकार सैस लगाती है तो विरोध नही किया।लेकिन हिमाचल सरकार ने अपने संसाधनों से 4500 करोड़ रुपये का विशेष आपदा पैकेज बनाया। जिला मंडी में पिछली बरसात में आई भयंकर आपदा में राहत के तौर पर अभी तक 63 करोड़ रुपये की राहत राशि वितरित की जा चुकी है। जिला में हर प्रभावित को राहत प्रदान करना सुनिश्चित किया गया है।
देनदारियां छोड़ गई भाजपा, हमने पेंशन देकर कर्मचारियों को थमाई बुढ़ापे की लाठी
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि भाजपा सत्ता से बाहर होने पर बेसब्र हो गई है। भाजपा सरकार अपने पीछे 92 हजार करोड़ का कर्जा और देनदारियां छोडकर गई है। उन्होंने अपने कार्यकाल में संसाधन सृजित करने में कुछ नहीं किया। भाजपा ने तो कर्मचारियों को ओपीएस देने के लिए मना कर दिया था किन्तु हमने पहली कैबिनेट बैठक में ओपीएस बहाल कर दी। कर्मचारियों को बुढ़ापे की लाठी दी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार लोगों को दी अपनी हर गारंटी को पूरा करेगी।
एचआरटीसी के बेड़े में शामिल होंगी 327 नई बसें
उन्होंने कहा कि एचआरटीसी के गठन का 50 वर्ष का जश्न शानदार तरीके से आयोजित होगा। एचआरटीसी कर्मियों को अब हर महीने की पहली तारीख को वेतन दिया जा रहा है। कर्मचारी किसी भी बहकावे में न आएं। एचआरटीसी के बेड़े में इस वर्ष 327 नई बसें खरीदी जाएंगी। पिछले साल 250 बसें बेड़े में शामिल की गई हैं। यह प्रयास किया जा रहा प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों के लिए पर्याप्त बस सेवा हो। देवी दर्शन सेवा में सभी मंदिरों को एचआरटीसी बस सेवा मिले, जिससे लोगों को लाभ हो।
एपीएमसी अध्यक्ष संजीव गुलेरिया ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आपदा का पूरी तत्परता से निपटने के लिए उनका धन्यवाद किया।
स्थानीय ग्राम पंचायत के प्रधान पवन ठाकुर ने उनकी पंचायत सरध्वार में यह कार्यक्रम आयोजित करने के लिए धन्यवाद किया और पंचायत की समस्याओं से अवगत करवाया।
इस अवसर पर उपायुक्त अरिंदम चौधरी, महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी शशि शर्मा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बल्ह के प्रधान कुलदीप ठाकुर, विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
डोह के संत राम और रियुर की गौरी देवी को मौके पर मिले मकान
उपमुख्यमंत्री ने घौड़ में निपटाईं 60 समस्याएं
किसी की पानी तो किसी की डंगे-सड़क की समस्या हुई छूमंतर
छज्जवाण खाबू में बनेगा 25 हजार लीटर का टैंक
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घौड़ में हुए सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में लगभग 60 जन समस्याओं का मौके पर समाधान किया। इसके अलावा उन्होंने लोगों की मांगों को स्वीकृत कर विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये की मदद दी। कार्यक्रम में क्षेत्र की 8 पंचायतों सरध्वार, चौकी चंद्राहन, रियुर, लोअर रिवालसर, कोठी गैहरी, दूसरा खाबू, दरब्यास तथा सरकीधार के लोगों की समस्याओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री के सामने जब डोह के संत राम और रियुर की गौरी देवी के रहने का पक्का ठिकाना ना होने की समस्या आई तो उन्होंने मौके पर ही दोनों मामलों में मुख्यमंत्री आवास योजना में उनके लिए आवास स्वीकृत कर दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इसे लेकर तमाम औपचारिकताएं पूरा करने के निर्देश दिए। आवास मिलने की खुशी से गदगद दोनों लाभार्थियों ने सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम की खूब प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार गरीब गुरबों की तरफदारी करने वाली सरकार है, जिससे उन जैसे अनेकों दुखियारे लोगों का जीवन सुधर रहा है।
श्री अग्निहोत्री ने छज्जवाण खाबू में पानी की समस्या को दूर करने की मांग पर मौके पर ही गांव के लिए 25000 लीटर क्षमता का टैंक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को मामले में तुरंत कार्रवाई को कहा। उन्होंने कहा कि बल्ह विधानसभा में 40 करोड़ की पेयजल स्कीम जल्दी तैयार कर दी जाएगी।
राजकीय उच्च विद्यालय छज्जवाण खाबू की दीवार तथा अन्य कार्य के लिए 3 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने लोगों की पेयजल से जुड़ी समस्याओं पर अधिकारियों को यह तय बनाने को कहा कि कोई भी घर पानी के नल और जल से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि बिना किसी भेदभाव के सबके घरों में जल तथा खेतों के लिए सिंचाई सुविधा तय बनाई जा रही है।
उन्होंने विभिन्न पंचायतों में बस सेवाएं चलाने तथा रूट विस्तार की मांगों पर अधिकारियों को उपयुक्त कार्रवाई को कहा।
उन्होंने स्थानीय पंचायत प्रधान पवन ठाकुर की मांग पर डीसी मंडी को सरध्वार पंचायत में विभिन्न विकास कार्यों के लिए समुचित धन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
गांव गांव पहुंची सरकार, हर घर पहुंचेगा विकास
जनता ने जानी सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियां*
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने घौड़ में आयोजित सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रदेश सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों और योजनाओं की जानकारी देने के लिए लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होेंने कहा कि कार्यक्रम का मकसद है कि सभी लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। गांव के अन्तिम छोर तक सामाज के अन्तिम व्यक्ति तक विकास की लौ पहुंचे। इसके लिए विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी महत्वपूर्ण है जहां लोगों को सरकार के कार्यक्रमों की जानकारी प्राप्त होगी। कार्यक्रम में सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग ने विशेष रूप प्रकाशित प्रचार सामग्री का वितरण किया। विभाग ने सरकार एक वर्ष की उपलब्धियों और 365 दिनों में जन हित में लिए 365 फैसलों का संकलन कर तैयार की गई बुकलेट तथा अन्य प्रचार सामग्री भी लोगों को भेंट की। वहीं सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के नाटय दल ने गीत संगीत और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत करवाया। कार्यक्रम में जिले के सभी विभागों में स्टॉल लगाकर जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। स्वास्थ्य और आयुष विभाग ने विशेष कैंप लगाकर लोगों का स्वास्थ्य जांचा।
Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरिपुर में स्थापित होगा सौर ऊर्जा संयंत्र : उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित एएम नाथ। चंबा :  प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत जिला चंबा की ग्राम पंचायत हरिपुर में लगभग एक...
article-image
हिमाचल प्रदेश

देवभूमि में चिट्टा माफिया के लिए कोई स्थान नहीं, सूचना देने वाले को किया जाएगा पुरस्कृत: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ दाड़ी ग्राउंड से पुलिस ग्राउंड तक किया वॉकथॉन धर्मशाला में एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन के माध्यम से युवाओं को किया जागरूक एएम नाथ। धर्मशाला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह...
article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

वर्षा से प्रभावितों 90 परिवारों को 2.20 लाख की तात्कालिक राहत राशि नगर निगम ऊना ने की प्रदान

रोहित जस्वाल।  ऊना, 4 अगस्त. जिला ऊना में हाल ही में हुई भारी वर्षा से प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता...
article-image
हिमाचल प्रदेश

ऊना के गौतम ढाबे का एचआरटीसी द्वारा लाइसैंस रद्द : मामला सवारियों को महंगा खाना परोसने का

ऊना : बस यात्रियों को महंगा व गुणवत्ता वाला खाना न देने पर एचआरटीसी ने ऊना के गौतम ढाबे का लाइसैंस रद्द कर दिया है। अब एचआरटीसी की बसें रूट के दौरान इस ढाबे...
Translate »
error: Content is protected !!