गिद्दड़बाहा में वारदात के बाद आरोपी फरार, पत्नी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज
गिद्दड़बाहा, 25 अक्टूबर: मुक्तसर जिले के गिद्दड़बाहा के वार्ड नंबर 19 में बहू को मायके से वापस लाने की बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बेटे ने कृपाण से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बख्शीश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में उसकी पत्नी जसपाल कौर ने बताया कि 24 अक्टूबर की रात करीब 7:20 बजे वह अपने पति, बेटे गुरचरण सिंह और पोती मनजोत कौर के साथ घर में मौजूद थी।
बहू के मायके जाने को लेकर हुआ विवाद
जसपाल कौर के अनुसार, उसकी बहू सुमन रानी 7 अक्टूबर को अपने पति गुरचरण सिंह के साथ हुए विवाद के बाद मायके फरीदकोट चली गई थी। बख्शीश सिंह अपने बेटे को बहू को वापस घर लाने के लिए बातचीत करने के लिए कह रहा था। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच बहस शुरू हो गई।
कमरे से कृपाण लाकर किए तीन वार
आरोप है कि गुस्से में गुरचरण सिंह कमरे में रखी कृपाण उठा लाया और अपने पिता पर तीन वार कर दिए। हमले में बख्शीश सिंह की बाईं बांह, बाईं टांग के घुटने के पास और बाएं कान के नजदीक चोटें आईं। इस दौरान मृतक का भतीजा सुखदीप सिंह निवासी रूप नगर, गिद्दड़बाहा भी मौके पर पहुंच गया।
परिजनों ने जब बख्शीश सिंह को संभाला तो उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने जसपाल कौर के बयानों के आधार पर गुरचरण सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
