होशियारपुर, 26 नवंबर : पंजाब भाजपा की मेनिफेस्टो कमेटी के चेयरमैन एवं पूर्व राज्यसभा सदस्य अविनाश राय खन्ना ने होशियारपुर में आयोजित बैठक के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा तैयार किया जाने वाला चुनावी घोषणापत्र केवल पार्टी का दस्तावेज नहीं होगा, बल्कि पंजाब के लोगों की आशाओं, जरूरतों और सुझावों का प्रतिबिंब होगा।
उन्होंने बताया कि पंजाब भाजपा द्वारा 13 सदस्यीय मेनिफेस्टो कमेटी का गठन किया गया है, जिसे प्रदेश के प्रत्येक जिले में जाकर लोगों के साथ सीधा संवाद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके लिए विभिन्न सदस्यों को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। कृषि, उद्योग, व्यापार, व्यापारियों, मजदूरों और कर्मचारियों सहित विभिन्न वर्गों के सुझाव लेने के लिए विशेष समितियां बनाई गई हैं।
खन्ना ने बताया कि प्राप्त सुझावों की पहले स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा जांच की जाएगी और इसके बाद उन्हें ड्राफ्टिंग कमेटी को सौंपा जाएगा। पार्टी में विचार-विमर्श के बाद घोषणापत्र को जनता के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसके तहत टोल-फ्री फोन नंबर के माध्यम से लोग अपने सुझाव दे सकेंगे। इसके अलावा विशेष प्रचार वैन के माध्यम से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से लिखित सुझाव भी एकत्रित किए जाएंगे।
