अंशिका ठाकुर संभालेंगी कप्तानी, 14 नवंबर को ओडिशा के खिलाफ अभियान का आगाज; राजकोट में होंगे सभी लीग मुकाबले
एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश की युवा महिला क्रिकेट खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलने जा रहा है। बीसीसीआई की महिला अंडर-23 टी-20 एलीट ट्रॉफी 2026-27 के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने 16 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान कुल्लू की अंशिका ठाकुर को सौंपी गई है। प्रतियोगिता के सभी लीग मुकाबले गुजरात के राजकोट में खेले जाएंगे।
हिमाचल की टीम 14 नवंबर को ओडिशा के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 15 नवंबर को मुंबई, 17 नवंबर को त्रिपुरा, 19 नवंबर को असम और 21 नवंबर को आंध्र प्रदेश के साथ मुकाबला होगा। टीम के सामने लीग चरण में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी मजबूत करने की चुनौती रहेगी।
प्रदेश के आठ जिलों की खिलाड़ियों को मिला मौका
एचपीसीए की ओर से चुनी गई टीम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। बिलासपुर से इशानी दास और खुशी चौहान, चंबा से हिमानी शर्मा और तवीश बाला, हमीरपुर से सुहाना सैनी तथा कांगड़ा से अहाना शर्मा और धन्या लक्ष्मी टीम में शामिल हैं।
इसके अलावा कुल्लू से कप्तान अंशिका ठाकुर, मंडी से साक्षी, शिमला से अनाहिता दिग्विजय सिंह, अनशिका सिंह सैनी, देवांशी वर्मा और मनीषा, सिरमौर से पारखी ठाकुर, सोलन से कनुप्रिया तथा ऊना से अनशिता सैंडल को टीम में जगह मिली है।
अनघा देशपांडे होंगी मुख्य कोच
खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए एचपीसीए ने अनुभवी सहयोगी स्टाफ भी नियुक्त किया है। अनघा देशपांडे मुख्य कोच, वरुण शर्मा बल्लेबाजी कोच और सनी भट्ट सहायक कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
वहीं, मनीषा को फिजियोथेरेपिस्ट, प्रीति रानी को स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच, आशुतोष पांडे को वीडियो एनालिस्ट, सोनाली ठाकुर को मसाज थेरेपिस्ट और शिव कपूर को टीम मैनेजर नियुक्त किया गया है।
14 नवंबर से शुरू होगी हिमाचल की चुनौती
राजकोट में होने वाली इस प्रतियोगिता में हिमाचल की युवा खिलाड़ियों के पास राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अच्छा अवसर है। टीम की नजरें ओडिशा के खिलाफ जीत के साथ शुरुआत करने और लीग मुकाबलों में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने पर रहेंगी।
