व्यूनाउ समूह से जुड़ी कंपनियों से संबंधित लेनदेन की होगी जांच, 12 नवंबर को पेश नहीं होने पर अब 25 नवंबर को बुलाया
चंडीगढ़। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने निवेशकों से कथित करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े क्लाउड पार्टिकल घोटाले की जांच के सिलसिले में राज्यसभा के मनोनीत सदस्य सतनाम सिंह संधू को पूछताछ के लिए तलब किया है। 57 वर्षीय संधू चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं।
ईडी अधिकारियों के मुताबिक, संधू को इससे पहले 12 नवंबर को पूछताछ के लिए पेश होने का समन जारी किया गया था, लेकिन उनके उपस्थित नहीं होने के बाद अब उन्हें 25 नवंबर को जांच एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। इस संबंध में सांसद की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
व्यूनाउ समूह से जुड़े लेनदेन जांच के दायरे में
अधिकारियों के अनुसार, जांच व्यूनाउ नामक कंपनी और उससे जुड़े कथित क्लाउड पार्टिकल घोटाले से संबंधित है। आरोप है कि कंपनी के जरिए निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की गई और आम लोगों की मेहनत की कमाई हड़प ली गई।
ईडी का कहना है कि सतनाम सिंह संधू से जुड़ी कुछ इकाइयों को व्यूनाउ समूह की कंपनियों से धनराशि प्राप्त हुई थी। जांच एजेंसी इन लेनदेन की प्रकृति, उद्देश्य और संबंधित वित्तीय गतिविधियों की जानकारी जुटाना चाहती है। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में संधू की कोई प्रत्यक्ष भूमिका सामने नहीं आई है।
सीईओ और पत्नी समेत तीन गिरफ्तार
ईडी इस मामले में व्यूनाउ समूह के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुखविंदर सिंह खारौर, उनकी पत्नी डिंपल खारौर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी वर्ष 2024 से धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत मामले की जांच कर रही है।
