रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में पंजाब से युवती समेत दो गिरफ्तार : युवती के पास से दो हथियार, 46 कारतूस और ब्लास्ट के लिए मिले 30 हजार रुपये बरामद

by

गुरदासपुर :  राजस्थान के श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर हुए धमाके के मामले में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस ने पंजाब पुलिस के सहयोग से गुरदासपुर से एक युवती समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव दोस्तपुर निवासी 21 वर्षीय महकदीप कौर और गांव चौड़ेकला निवासी 23 वर्षीय दविंदर सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की वारदात में शामिल थे। मामले में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां इस दिशा में भी जांच कर रही हैं। पुलिस ने महकदीप कौर के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और धमाके के लिए दिए गए 30 हजार रुपये बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा आरोपियों को ठहरने की जगह और वाहन उपलब्ध करवाने के आरोप में तीन अन्य सहयोगियों को भी हिरासत में लिया गया है।

राजस्थान पुलिस के एडीजी ने संभाली ऑपरेशन की कमान

मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान पुलिस के एडीजी दिनेश एमएन स्वयं गुरदासपुर पहुंचे और पंजाब पुलिस के साथ मिलकर गिरफ्तारी अभियान का समन्वय किया। बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश भी रामसिंहपुर थाने में रहकर जांच की निगरानी कर रहे हैं।

फिलहाल पुलिस ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि दोनों आरोपी किसी आतंकी संगठन से जुड़े हैं या किसी नेटवर्क के स्लीपर सेल के रूप में काम कर रहे थे। धमाके की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है। जांच एजेंसियां पाकिस्तान से आरडीएक्स की कथित आपूर्ति और संभावित फंडिंग के पहलुओं को भी खंगाल रही हैं।

होटल में ठहरे थे आरोपी, वारदात के लिए मिली थी कार और बाइक

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के अनुसार, वारदात से पहले दोनों आरोपी एमआर होटल में ठहरे थे। आरोप है कि होटल मालिक और उसके एक सहयोगी ने उन्हें ठहरने की सुविधा देने के साथ वारदात के लिए मोटरसाइकिल और कार भी उपलब्ध करवाई थी। पुलिस ने दोनों वाहनों की पहचान कर ली है।

घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अधिकारी नितिन चौधरी के नेतृत्व में टीम पंजाब भेजी गई थी। टीम ने शनिवार को दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस उन्हें श्रीगंगानगर लेकर जा रही है, जहां रविवार को अदालत में पेश किए जाने की बात कही गई है।

धमाके से रेलवे ट्रैक के दो स्लीपर हुए थे क्षतिग्रस्त

यह घटना 3 नवंबर की रात करीब पौने 10 बजे अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 48 जीबी-बी इलाके में गांव 50 जीबी के पास हुई थी। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो रेलवे पटरियों के बीच गड्ढा दिखाई दिया। इसके बाद रेलवे फाटक पर तैनात लाइनमैन को सूचना दी गई।

विस्फोट से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे और अपनी जगह से करीब एक फीट खिसक गए थे। इसके अलावा आसपास के छह अन्य स्लीपरों के लॉक भी टूट गए थे। पटरियों के बीच करीब दो से ढाई फीट गहरा गड्ढा बन गया था। राहत की बात यह रही कि घटना से पहले एक यात्री ट्रेन इस हिस्से से गुजर चुकी थी।

कई केंद्रीय और राज्य एजेंसियों ने जुटाए थे साक्ष्य

घटना के बाद आईबी, सीआईडी, एफएसएल, एटीएस, एनआईए, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और रेलवे की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। रेलवे सुरक्षा बल के आईजी ज्योति कुमार सतीजा समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए थे। अब जांच एजेंसियां इन साक्ष्यों के आधार पर विस्फोट में इस्तेमाल सामग्री, आरोपियों की भूमिका, फंडिंग के स्रोत और संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों का उद्देश्य किसी ट्रेन को निशाना बनाना था या रेलवे क्षेत्र में दहशत फैलाना था।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब

BJP candidate Sohan Singh Thandal

Hoshiarpur/Daljeet Ajnoha/Oct.25 –  Additional Deputy Commissioner-cum-Returning Officer for 044-Chabbewal (SC) Vidhan Sabha Constituency Sh. Rahul Chaba receiving nomination papers of Bharatiya Janata Party (BJP) Candidate  Sohan Singh Thandal at local DAC on Friday, The...
article-image
पंजाब

धूरी में नए अस्पताल का उद्घाटन….स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में बड़ा कदम

धुरी :  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज धूरी में 50 बिस्तरों वाले सब-डिविजनल अस्पताल और 30 बिस्तरों वाले माता-शिशु स्वास्थ्य ब्लॉक का उद्घाटन किया। यह परियोजना संगरूर जिले में स्वास्थ्य ढांचे...
article-image
पंजाब

SHO एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार : विजिलेंस ने जाल बिछाकर पकड़ा, मामले से नाम हटाने के बदले मांगी थी पांच लाख रुपये की रिश्वत

पठानकोट। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने पठानकोट जिले के धार कलां थाने में एसएचओ के पद पर तैनात इंस्पेक्टर गुलशन कुमार को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है...
article-image
पंजाब

जसविंदर भल्ला के निधन पर पवन दीवान ने गहरा शोक व्यक्त किया

लुधियाना, 22 अगस्त: पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन और लुधियाना कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष पवन दीवान ने प्रसिद्ध पंजाबी कलाकार और महान हास्य कलाकार जसविंदर भल्ला के निधन पर गहरा...
Translate »
error: Content is protected !!