उप-मुख्यमंत्री विशेष रूप से होंगे शामिल, उपायुक्त ने लिया तैयारियां का जायजा
एएम नाथ। मंडी, 14 फरवरी। मंडी के सुविख्यात अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के उपलक्ष्य में ब्यास नदी के तट पर स्थित पंचवक्त्र महादेव मंदिर के समीप भव्य आरती का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की तैयारियों के दृष्टिगत आज उपायुक्त ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। ब्यास आरती में उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री विशेष रूप से शामिल होंगे।
उपायुक्त ने बताया कि गत वर्ष की भांति इस बार भी शिवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर 15 फरवरी, 2026 को सायं 06.00 बजे पंचवक्त्र महादेव मंदिर के समीप ब्यास महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। ब्यास आरती की विधि बनारस से यहां पधारे पांच पंडितों (पुजारियों) द्वारा संपन्न करवाई जाएगी।
अपूर्व देवगन ने बताया कि शिवरात्रि महोत्सव के साथ ही मंडी नगर अपनी स्थापना के पांच सौवें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस उपलक्ष्य में यहां एक लेज़र शो भी आयोजित किया जा रहा है। इस शो के माध्यम से मंडी नगर की ऐतिहासिक धरोहरों के बारे में आकर्षक प्रस्तुति दी जाएगी। साथ ही पांच शताब्दियों की इस यात्रा के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित करने का प्रयास किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि इस तरह के आयोजनों में जन सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने इस आरती के सफल आयोजन के लिए शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने आग्रह किया कि सभी नगरवासी विशेष तौर पर इस अध्यात्मिक आयोजन के अवश्य साक्षी बनें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, उपमंडलाधिकारी (ना.) रुपिंदर कौर, भारतीय प्रशासनिक सेवा की परिवीक्षाधीन अधिकारी डॉ. मनु वर्मा, जिला विकास अधिकारी जी.सी. पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
