बद्दी में उपमण्डलीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक आयोजित
बीबीएन, 10 अप्रैल (तारा) : दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि समस्याओं के निवारण तथा आम जन तक विकास के लाभ समय पर पहुंचाने में अधिकारियों तथा कर्मचारियों की अहम भूमिका है। राम कुमार चौधरी आज दून विधानसभा क्षेत्र के बद्दी में उपमंडल स्तरीय जन शिकायत निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
राम कुमार चौधरी ने कहा कि ऐसी बैठकों का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और आम जनता के मध्य सीधा संवाद स्थापित करना है ताकि लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर उनका त्वरित समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पारदर्शी, जवाबदेह एवं संवेदनशील प्रशासन प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इस प्रकार की बैठकों के माध्यम से जहां विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा होती है वहीं विकास कार्यों में आ रही बाधाओं की पहचान कर उन्हें समयबद्ध तरीके से दूर करने में सहायता भी मिलती है।
विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों को संवेदनशीलता के साथ हल करें और प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें ताकि लोगों का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो तथा आमजन की समस्याओं का निवारण हो।
राम कुमार चौधरी ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का गहन मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग तथा बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण को औद्योगिक क्षेत्रों में अनधिकृत निर्माण एवं स्वीकृत मानकों के उल्लंघन की पहचान के लिए व्यापक सर्वेक्षण करने तथा अवैध शेड के विरुद्ध सख्त कार्यवाही सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए।
विधायक ने विद्युत बोर्ड को साईं रोड एवं मलपुर क्षेत्र के लिए विशेष योजना तैयार करने तथा ट्रांसफार्मरों पर फील्ड स्टाफ के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मार्ट मीटरों को लेकर आमजन में व्याप्त भ्रांतियों, विशेषकर अधिक बिजली बिल आने की शिकायतों के संबंध में तथ्यों का सत्यापन कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके।
उन्होंने हिमाचल पथ परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में बस सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं, वहां आवाजाही को सुदृढ़ किया जाए तथा हिम बस कार्ड योजना का दायरा बढ़ाया जाए।
राम कुमार चौधरी ने लोक निर्माण विभाग को बद्दी-शीतलपुर सड़क प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृत करवाने तथा घटिया निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने बवसानी सड़क की बरसात से पूर्व टारिंग तथा जल निकासी के लिए पुलिया निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए हिमाचल प्रदेश आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण (हिमुडा) तथा लोक निर्माण विभाग को चण्डी एवं बद्दी के नागरिक अस्पतालों में निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आपदा प्रभावित विद्यालयों शेरला, बेहमंडी एवं बदौनी घाट में शैक्षणिक व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर निगम बद्दी एवं जल शक्ति विभाग को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनियों में सीवरेज लीकेज एवं सड़कों पर पानी के रिसाव की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश भी दिए।
विधायक ने उपमण्डलाधिकारी बद्दी की अध्यक्षता में बद्दी क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में रोज़गार की स्थिति की निगरानी के लिए एक समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह समिति विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्य करते हुए उद्योगों में कार्यरत कर्मचारियों का सत्यापन करेगी तथा प्रदेश सरकार की नीति के अनुरूप स्थानीय युवाओं को 70 प्रतिशत रोज़गार उपलब्ध करवाने के प्रावधान का सख्ती से पालन सुनिश्चित बनाएगी। इस दिशा में संबंधित विभागों को समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग तथा बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ विकास प्राधिकरण को औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले प्रदूषित पानी के सड़कों पर बहाव से हो रहे नुकसान का संज्ञान लेकर संबंधित इकाइयों को नोटिस जारी करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
विधायक ने औद्योगिक क्षेत्रों, सब्जी मंडी बद्दी एवं झाड़माजरी मार्ग के आस-पास अतिक्रमण कर रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्यवाही करने तथा भविष्य में ऐसी गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने तहसीलदार बद्दी से क्षेत्र में निशानदेही के लंबित मामलों की जानकारी लेकर उन्हें शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने खंड विकास अधिकारी पट्टा मेहलोग एवं नालागढ़ को निर्देश दिए कि वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि को निर्धारित समयावधि में विकासात्मक कार्यों पर प्रभावी ढंग से व्यय किया जाए, ताकि पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति मिल सके।
उन्होंने पंचायतों के विभिन्न क्षेत्रों में लंबित पड़े विकास कार्यों एवं मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और उपलब्ध धनराशि का पूर्ण एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
राम कुमार चौधर ने प्रस्तावित मिनी सचिवालय बद्दी के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मिनी सचिवालय के निर्माण से क्षेत्रवासियों को एक ही छत के नीचे सभी प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
खंड चिकित्सा अधिकारी बद्दी अनिल कुमार अरोड़ा तथा उपस्थित विशेषज्ञों द्वारा इससे पूर्व प्रदेश सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने तथा दुर्घटना की स्थिति में ‘फर्स्ट हैंड हैंडलर्स ओरिएंटेशन रिगार्डिंग रोड सेफ्टी’ के तहत त्वरित प्राथमिक उपचार सुनिश्चित करने के लिए सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को दिए जाने वाले प्राथमिक उपचार के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी अशोक वर्मा, वनमण्डलाधिकारी नालागढ़ विकल्प यादव, वनमण्डालाधिकारी कुनिहार राज कुमार, उप निदेशक उच्च शिक्षा सोलन गोपाल चौहान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी तथा जन शिकायत निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।
