एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सवर्ण आयोग के गठन की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को अपनी बात रखने और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के लिए उचित मंच मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार संविधान के दायरे में रहकर ही निर्णय ले सकती है और सभी वर्गों के अधिकारों का सम्मान करना जरूरी है।
विक्रमादित्य सिंह रविवार को शिमला ग्रामीण में खेल महाकुंभ-2026 के शुभारंभ अवसर पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। सवर्ण आयोग के गठन को लेकर राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के समर्थन के संबंध में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जाति, जनजातीय क्षेत्रों, किसानों, बागवानों और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए अलग-अलग बोर्ड गठित हैं। इसी तरह अन्य वर्गों को भी अपनी समस्याएं रखने और अपनी आवाज सरकार तक पहुंचाने का अवसर मिलना चाहिए।
संविधान के दायरे में होंगे फैसले
मंत्री ने कहा कि सरकार को सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने और उनकी समस्याओं को सुनने की दिशा में काम करना चाहिए, ताकि प्रदेश का हर वर्ग आगे बढ़ सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश और देश में सभी कार्य संविधान के माध्यम से ही होने हैं और सरकार संविधान में दिए गए अधिकारों के दायरे में रहकर ही निर्णय ले सकती है।
उन्होंने कहा कि वह विधानसभा के भीतर और बाहर जनहित के मुद्दों पर अपनी बात मजबूती से रखते हैं। उनका प्रयास सही का समर्थन करना और गलत का विरोध करना रहता है।
खेल महाकुंभ में 10 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने का दावा
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि शिमला ग्रामीण में खेल महाकुंभ-2026 के तहत 25 अक्टूबर से 15 नवंबर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उनके अनुसार, इस आयोजन में करीब 9,500 से 10,000 प्रतिभागियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इनमें युवा, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ नशे के खिलाफ सकारात्मक संदेश देना भी है। प्रतियोगिताओं में क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल करवाए जाएंगे।
खेल महाकुंभ में बॉक्सिंग भी शामिल
मंत्री ने बताया कि इस बार खेल महाकुंभ में बॉक्सिंग को भी शामिल करने का फैसला किया गया है। इसके कुछ मुकाबले सुन्नी में आयोजित होंगे, जिनमें स्कूल और कॉलेज के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से खेलों को प्रोत्साहन मिलेगा और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का मौका मिलेगा।
