सोनिया गांधी की किताब के लॉन्चिंग कार्यक्रम में पहुंचे कैप्टन अमरिंदर सिंह… पहली पंक्ति में मिली जगह

by
भाजपा में चार साल बाद भी अनदेखी का आरोप लगा चुके हैं कैप्टन, कांग्रेस के साथ पुराने रिश्तों का भी कर चुके हैं जिक्र; 2027 चुनाव में बेटी जयइंदर कौर के उतरने के दिए संकेत

नई दिल्ली।   पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह एक बार फिर अपने राजनीतिक रुख को लेकर चर्चा में हैं। कैप्टन सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ की आधिकारिक लॉन्चिंग के अवसर पर पहुंचे। कार्यक्रम में उन्हें पहली पंक्ति में जगह दी गई, जहां सोनिया गांधी भी मौजूद थीं।

कैप्टन की इस कार्यक्रम में मौजूदगी इसलिए राजनीतिक चर्चा का विषय बनी, क्योंकि सोनिया गांधी की पुस्तक में किए गए दावों को लेकर भाजपा पंजाब से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सवाल उठा रही है। ऐसे समय में कैप्टन का पुस्तक विमोचन समारोह में पहुंचना कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे रहा है।

भाजपा में चार साल बाद भी संतुष्ट नहीं होने की बात कही

कैप्टन अमरिंदर सिंह इससे पहले भाजपा में अपनी भूमिका और पार्टी की कार्यशैली को लेकर असंतोष जता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि भाजपा में शामिल हुए उन्हें चार साल हो गए हैं, लेकिन उन्हें पार्टी में वह भूमिका नहीं मिली, जिसकी अपेक्षा थी।

उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों और राज्य की संवेदनशीलता को पूरी तरह नहीं समझती। पार्टी को पंजाब की राजनीति को बेहतर तरीके से समझने के लिए अनुभवी नेताओं से सलाह लेनी चाहिए। उनके मुताबिक, भाजपा अब तक पंजाब में अपने दम पर सत्ता में नहीं रही है।

कांग्रेस के साथ रिश्तों को बताया था बेहतर

कुछ दिन पहले एक इंटरव्यू में कैप्टन ने कांग्रेस नेतृत्व के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस एक परिवार की तरह थी और जब भी वह कांग्रेस हाईकमान से संपर्क करते थे, उन्हें मुलाकात का अवसर मिल जाता था।

कैप्टन ने भाजपा और कांग्रेस की कार्यशैली में अंतर बताते हुए कहा था कि भाजपा में संगठनात्मक नियम अधिक हैं और नेताओं को अपनी बात रखने तथा शीर्ष नेतृत्व से मिलने के अवसर सीमित मिलते हैं। उन्होंने दावा किया था कि भाजपा में आने के बाद वह एक-दो बार से ज्यादा पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से नहीं मिल पाए।

सचिन पायलट ने भी वापसी की संभावनाओं पर दिया था बयान

कैप्टन के कांग्रेस के प्रति सकारात्मक बयानों के बीच कांग्रेस के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने भी उनकी पार्टी में वापसी को लेकर प्रतिक्रिया दी थी। पायलट ने कहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह का राजनीतिक कद बहुत बड़ा है और राजनीति में कुछ भी संभव है।

हालांकि, कैप्टन खुद स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी राजनीति अब भाजपा में है और वह कांग्रेस में वापस नहीं जाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि यदि सोनिया गांधी को व्यक्तिगत तौर पर उनकी जरूरत होगी तो वह हमेशा उपलब्ध रहेंगे।

राहुल गांधी भी कर चुके हैं कैप्टन की तारीफ

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी एक कार्यक्रम में युवाओं से बातचीत के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह की तारीफ की थी। उनसे जब भाजपा में उनके पसंदीदा नेता के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कैप्टन का नाम लिया था। राहुल ने कहा था कि वह कैप्टन के साथ सहज महसूस करते हैं और उन्हें उनका मिलिट्री इतिहास का ज्ञान भी पसंद है।

2027 के चुनाव में बेटी के उतरने के संकेत

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कैप्टन ने पहले कहा था कि पटियाला से उनका खुद चुनाव लड़ना संभव नहीं लग रहा है। उन्होंने संकेत दिया था कि उनकी बेटी जयइंदर कौर चुनाव मैदान में उतर सकती हैं। ऐसे में सोनिया गांधी की पुस्तक के लॉन्चिंग कार्यक्रम में कैप्टन की मौजूदगी और उनके पुराने बयानों ने पंजाब की राजनीति में नई चर्चाओं को हवा दे दी है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

पश्चिम बंगाल में डबल इंजन सरकार खोलेगी विकास के नए रास्ते : खन्ना

केंद्र की लाभकारी योजनाओं का जनता उठा सकेगी निर्विघ्न लाभ होशियारपुर 9 मई  : पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने से अब वह...
article-image
पंजाब

15 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 3 साल का बच्चा : रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

होशियारपुर  :  गांव चक्क सामना में आज दोपहर में खेलते समय एक तीन साल का बच्चा बोरबेल के गड्ढे में गिर गया।  गहरे गड्ढे में गिरे बच्चे को निकलने के NDRF की टीम जुटी...
article-image
दिल्ली , पंजाब , हरियाणा , हिमाचल प्रदेश

बेटे की मौत मामले में पूर्व डीजीपी मुस्तफा और मां-पत्नी, बहन के खिलाफ केस दर्ज – पड़ोसी ने पंचकूला कमिश्नर को दी थी शिकायत : पिता-बहू के अवैध संबंधों का भी दावा

पंचकूला  : पंजाब के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा और उनका परिवार एक गंभीर विवाद में घिर गया है। हरियाणा के पंचकूला में मोहम्मद मुस्तफा, उनकी पत्नी व पूर्व कैबिनेट मंत्री रजिया सुल्ताना, उनकी बेटी...
article-image
पंजाब

ढाडा खुर्द में शामलात जमीन से 35-36 हरे पेड़ काटने का मामला, ग्रामीणों ने जांच की मांग की

गढ़शंकर, 19 अगस्त  : ब्लॉक गढ़शंकर के गांव ढाडा खुर्द में शामलात जमीन पर स्थित ग्राउंड से करीब 35-36 हरे पेड़ कथित तौर पर बिना पंचायती प्रस्ताव और अनुमति के काटे जाने का मामला सामने...
Translate »
error: Content is protected !!