उप मुख्यमंत्री ने अंडर-19 बॉयज जिला स्तरीय माइनर गेम्स प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की, विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
रोहित जसवाल। ऊना, 12 सितंबर। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली में आयोजित अंडर-19 बॉयज जिला स्तरीय माइनर गेम्स प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता की। उन्होंने विभिन्न खेलों में विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया तथा खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र को खेलों के हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली का चयन सीबीएसई और डे-बोर्डिंग स्कूल के तौर पर किया गया है। आने वाले समय में यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त भव्य स्कूल भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय हरोली के दूसरे भवन का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन से विद्यार्थियों के लिए सुविधाओं का विस्तार होगा।
उन्होंने कहा कि हरोली में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है और इनडोर स्टेडियम भी बनाए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को घर के नजदीक ही आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हों, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हरोली महाविद्यालय में 29 सितंबर को प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान विद्यार्थियों के बीच पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना करते हुए उप मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।

प्रतियोगिता के परिणाम
- वॉलीबॉल: डीडीएम गगरेट विजेता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाथू उपविजेता।
- कबड्डी: एसडी संतोषगढ़ विजेता, एसएमवीपी जखेड़ा उपविजेता।
- खो-खो: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ललड़ी विजेता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रोड़ा उपविजेता।
- चेस: वीपीएस बहडाला विजेता, जीएचएस तनोह उपविजेता।
- बैडमिंटन: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली विजेता, वीपीएस बहडाला उपविजेता।
- टेबल टेनिस: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैंसरी विजेता, स्कॉलर यूनिफाइड ऊना उपविजेता।
- योगा: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जाड़ला विजेता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली उपविजेता।
- रेसलिंग: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धुसाड़ा विजेता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बहडाला उपविजेता।
- मार्च पास्ट: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरोली विजेता, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जखेड़ा उपविजेता।
।
