एएम नाथ। चंबा। चंबा के बालू क्षेत्र में सोमवार रात अखिल भारत हिंदू महासभा के जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह कुकरेजा पर पथराव करने और उनके दो वाहनों को आग लगाने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कुकरेजा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गोपाल सिंह कुकरेजा के अनुसार, सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे वह स्कूटी पर चंबा शहर से परेल स्थित अपने घर लौट रहे थे। बालू के पास कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर पत्थरों से हमला कर दिया। उन्होंने किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।
कुकरेजा ने बताया कि घर पहुंचने के कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि बालू स्थित सब्जी मंडी परिसर में खड़ी उनकी वैन और पिकअप को आग लगाने की कोशिश की गई है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों और मंडी कर्मचारियों ने आग बुझा दी थी। इससे दोनों वाहनों को पूरी तरह जलने से बचा लिया गया। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की पहचान करने की मांग की है।
