हिमाचल में पदोन्नति और वरिष्ठता विवाद सुलझाने के लिए आएगा नया कानून, 12 दिसंबर 2003 से लागू होंगे प्रावधान

by
सीएम सुक्खू ने विधानसभा में पेश किया सरकारी सेवाएं अर्हक अनुभव एवं प्रोन्नति विनियमन विधेयक-2026; पुरानी पदोन्नतियों की समीक्षा के लिए बनेगी रिव्यू डीपीसी

एएम नाथ। शिमला। हिमाचल प्रदेश में सरकारी कर्मचारियों की पदोन्नति और वरिष्ठता से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे विवादों को सुलझाने के लिए सरकार एक समान कानूनी व्यवस्था लागू करने जा रही है। इसके तहत पदोन्नति के लिए आवश्यक अर्हक अनुभव की गणना के स्पष्ट मापदंड तय किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में हिमाचल प्रदेश सरकारी सेवाएं अर्हक अनुभव एवं प्रोन्नति विनियमन विधेयक-2026 (विधेयक संख्या-27) पेश किया।

विधेयक में नए प्रावधानों को 12 दिसंबर 2003 से प्रभावी करने का प्रस्ताव है। इससे अनुबंध और नियमित आधार पर नियुक्त कर्मचारियों की पदोन्नति तथा वरिष्ठता से जुड़े पुराने विवादों के निपटारे का रास्ता खुलने की उम्मीद है।

पदोन्नति के लिए अनुभव की गणना का बनेगा समान आधार

विधेयक के अनुसार, अनुसूची में शामिल सेवाओं और पदों के भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में जहां सेवा की अवधि या पोषक प्रवर्ग में सेवा का उल्लेख है, उसे 12 दिसंबर 2003 से अर्हक अनुभव माना जाएगा। इससे विभिन्न विभागों में पदोन्नति के लिए अनुभव की गणना का एक समान आधार तैयार होगा। हालांकि, ये प्रावधान 12 दिसंबर 2003 से पहले की अवधि पर लागू नहीं होंगे।

नए प्रावधान के तहत यदि किसी कनिष्ठ कर्मचारी ने पदोन्नति के लिए निर्धारित अर्हक अनुभव पूरा कर लिया है, तो उसे केवल इस आधार पर पदोन्नति से वंचित नहीं किया जा सकेगा कि उससे वरिष्ठ कर्मचारी ने अभी आवश्यक अनुभव पूरा नहीं किया है।

इसके अलावा, पदोन्नति के लिए विचार क्षेत्र में शामिल कर्मचारियों में अधिक अर्हक अनुभव रखने वाले कर्मचारी को कम अनुभव वाले कर्मचारी से ऊपर रखा जाएगा।

पुरानी पदोन्नतियों की भी होगी समीक्षा

विधेयक में 12 दिसंबर 2003 या इसके बाद आयोजित विभागीय पदोन्नति समितियों (डीपीसी) की कार्यवाहियों की समीक्षा का प्रावधान भी किया गया है।

यदि वरिष्ठता सूची में संशोधन या अर्हक अनुभव की दोबारा गणना के कारण किसी कर्मचारी की पदोन्नति पात्रता प्रभावित होती है, तो संबंधित विभाग में पुनर्विलोकन विभागीय पदोन्नति समिति (रिव्यू डीपीसी) गठित की जाएगी। यह समिति पुराने मामलों की समीक्षा कर पात्रता के आधार पर निर्णय लेने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।

आरक्षित वर्ग और विशेष मामलों के लिए भी नियम

विधेयक में आरक्षित रिक्तियों पर पदोन्नत कर्मचारियों के अर्हक अनुभव को लेकर भी प्रावधान किया गया है। इसके अनुसार, आरक्षित रिक्ति पर पदोन्नत कर्मचारी की सेवा को अगले उच्च पद के लिए अर्हक अनुभव में तभी गिना जाएगा, जब प्रवेश ग्रेड में उसके सभी वरिष्ठ कर्मचारी उस पद पर पदोन्नत हो चुके हों।

विधेयक की अनुसूची में शिक्षा, जल शक्ति, लोक निर्माण और सचिवालय प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के 28 श्रेणियों के पदों को शामिल किया गया है। सरकार का प्रस्तावित कानून लागू होने से इन विभागों में पदोन्नति और वरिष्ठता से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए एक समान व्यवस्था उपलब्ध होगी।

इसलिए बदले जा रहे हैं पदोन्नति के नियम

12 दिसंबर 2003 को कार्मिक विभाग ने सभी विभागों को भर्ती एवं पदोन्नति नियमों में अनुबंध आधार पर नियुक्ति को भर्ती का एक तरीका बनाने के निर्देश जारी किए थे। इसके बाद विभिन्न विभागों में संविदा आधार पर नियुक्तियां शुरू हुईं।

समय के साथ अनुबंध सेवा को पदोन्नति के लिए अर्हक अनुभव मानने, वरिष्ठता निर्धारित करने और नियमित कर्मचारियों के साथ पदोन्नति की पात्रता तय करने को लेकर विवाद सामने आने लगे। अलग-अलग विभागों में इन मामलों के निपटारे को लेकर एकरूपता नहीं होने से कर्मचारियों की पदोन्नति और वरिष्ठता प्रभावित होती रही। अब सरकार इन विवादों के समाधान के लिए एक समान कानूनी व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रही है।

Share
  •  
  •  
  •  
  •  
  •  

You may also like

article-image
पंजाब , हिमाचल प्रदेश

सड़क दुर्घटना में पंजाब के श्रद्धालु की मौत : तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से हुआ हादसा

  बड़सर :   गारली में सड़क दुर्घटना में पंजाब के श्रद्धालु की मौत हो गई। मृतक की पहचान गुरनाम सिंह आयु 46 वर्ष निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर...
हिमाचल प्रदेश

घिरथोली स्वास्थ्य उपकेंद्र लोगों को समर्पित : आमजन तक उत्तम स्वास्थ्य सुविधायें पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : किशोरी लाल

स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध करवाई जाएंगी बेहतर सुविधाएं:-किशोरी लाल* बैजनाथ , 29, जुलाई :- मुख्य संसदीय सचिव कृषि, पशुपालन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज किशोरी लाल ने शनिवार को बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम...
article-image
हिमाचल प्रदेश

सुख की सरकार युवाओं को दिलाएगी घर द्वार रोजगार: बाली

चरणबद्व तरीके से राज्य में आयोजित किए जाएंगे रोजगार मेले, नगरोटा में दो दिवसीय रोजगार मेले का हुआ आगाज धर्मशाला, 25 जुलाई। युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खु सरकार कृतसंकल्प...
article-image
हिमाचल प्रदेश

हरोली हल्के में आयोजित हुए धार्मिक आयोजनों में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने की शिरकत

विकास और जनकल्याण ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मुकेश अग्निहोत्री रोहित जसवाल।  ऊना, 1 फरवरी। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज(रविवार) को हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गोन्दपुर, दुलेहड़, बीटन, बाथड़ी, बालीवाल, ललड़ी,...
Translate »
error: Content is protected !!